बलरामपुर। एसएसबी 9वीं वाहिनी द्वारा 2 से 6 जुलाई तक सीमावर्ती गांवों में चलाए गए वृहद सामाजिक जन चेतना अभियान का समापन रविवार को पुरस्कार वितरण के साथ किया गया। अभियान के तहत आयोजित हुई वालीबॉल प्रतियोगिता में नेवलगढ़ की टीम चैम्पियन का खिताब हासिल किया। समापन समारोह का शुभारंभ तुलसीपुर विधायक कैलाश नाथ शुक्ला ने दीप प्रज्जवलित करके किया।
एसएसबी 9वीं वाहिनी के कमांडेंट प्रदीप कुमार ने सामाजिक जन चेतना अभियान के बारे में विस्तृत जानकारी देते हुए बताया कि ग्रामीणों को जागरूक करने के लिए कई विभागों की तरफ से स्टाल लगवाए गए थे। निशुल्क मानव एवं पशु चिकित्सा शिविरों के माध्यम से लोगों के स्वास्थ्य की जांच की गई।
सर्व यूपी ग्रामीण बैंक ने स्टाल लगाकर ग्रामीणों को सरकार द्वारा चलाए जा रहे विभिन्न सरकारी योजनाओं के बारे में बताया गया। युवाओं को जागरूक करने के लिए तमाम तरह के खेलों का आयोजन भी किया गया। तीन जुलाई को कबड्डी एवं चार जुलाई को वालीबॉल प्रतियोगिता का आयोजन किया गया।
प्रतियोगिता में सीमावर्ती गांव के तमाम युवाओं ने प्रतिभाग किया। वालीबॉल का फाइनल मुकाबला जीतकर नेवालगढ़ की टीम विजेता बनी। विजेता एवं उपविजेताओं एवं प्रतिभागियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर सहायक कमांडेंट रजत पांडेय, डॉ. एलडी सिंह व डॉ. दिनेश कुमार सहित तमाम लोग मौजूद रहे।