बलरामपुर। स्पोर्ट्स स्टेडियम में आयोजित जिला स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता में 11 कस्तूरबा विद्यालय की छात्राओं ने प्रतिभाग किया। प्रथम, द्वितीय व तृतीय स्थान पाने वाली छात्राओं को पुरस्कृत किया गया।
बीएसए डॉ. रामचंद्र ने गुरुवार को बताया कि कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालयों की चार दिवसीय जिला स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिताएं कराई गईं। खो-खो प्रतियोगिता में पचपेड़वा ब्लॉक के जंगल गांव की छात्राओं ने प्रथम स्थान प्राप्त किया जबकि श्रीदत्तगंज ब्लॉक की टीम दूसरे स्थान पर रही। 200 मीटर दौड़ में गैड़ास बुजुर्ग की रिंका चौहान ने प्रथम, पचपेड़वा ब्लॉक के जंगल गांव की अंजलि ने द्वितीय व श्रीदत्तगंज के उजाला ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।
चक्र क्षेपण में पचपेड़वा की प्रियंका को प्रथम, गैड़ास बुजुर्ग की सावित्री को द्वितीय व रेहरा बाजार की प्रिया को तृतीय स्थान मिला। लंबी कूद में गैड़ास बुजुर्ग की रिंका चौहान ने प्रथम, श्रीदत्तगंज की प्रीति ने द्वितीय व बलरामपुर नगर की सजना यादव ने तृतीय स्थान हासिल किया। प्रशिक्षु आईएएस नेहा बंधु ने प्रथम, द्वितीय व तृतीय स्थान पाने वाली प्रतिभागियों को पुरस्कृत किया। उन्होंने कहा कि निरंतर प्रगति के पथ पर बढ़ते रहने के लिए पढ़ाई के साथ-साथ खेलकूद के क्षेत्र में भी बेहतर प्रदर्शन करना होगा।
खेलकूद समारोह के संयोजक व बीईओ नगर डॉ. समय प्रसाद पाठक ने सभी अतिथियों के प्रति आभार व्यक्त किया। निर्णायक की भूमिका स्काउट-गाइड मास्टर ट्रेनर महमूद-उल-हक ने निभाई। प्रतियोगिता के आयोजन में अनुपम तिवारी, विशाल श्रीवास्तव, इकबाल, विजय, दीपक यादव, आशुतोष मिश्र व निखिल आदि ने सराहनीय योगदान दिया।