फोटो-8-बलरामपुर के मंडी समिति भगवतीगंज में धान खरीद का निरीक्षण करते डिप्टी आरएमओ नरेन्द्र कुमार
- फोटो : BALRAMPUR
बलरामपुर। नोडल अधिकारियों की निगरानी में जिले के 33 क्रय केंद्रों पर धान की खरीद होगी। तीनों तहसीलों के एसडीएम को नोडल अधिकारी तैनात करने का निर्देश दिया गया है। जिले के 13 केंद्रों पर अभी तक बोहनी नहीं हो सकी है। 20 क्रय केंद्रों पर अब तक 21 किसानों से 102.62 मीट्रिक टन धान खरीदा जा चुका है। डिप्टी आरएमओ के दफ्तर में संचालित कंट्रोल रूम से धान बिक्री में किसानों को आने वाली समस्याएं निस्तारित कराई जा रही हैं।
एडीएम राम अभिलाष ने गुरुवार को बताया कि खरीफ विपणन वर्ष 2021-22 में नोडल अधिकारियों की निगरानी में जिले के 33 क्रय केंद्रों पर धान की खरीद कराई जाएगी। सभी क्रय केंद्रों पर नोडल अधिकारी नामित करने के लिए तीनों एसडीएम को निर्देश दिए गए हैं। डिप्टी आरएमओ नरेंद्र कुमार तिवारी ने बताया कि धान खरीद में किसानों की समस्याओं का निस्तारण कराने के लिए जिला स्तर पर कंट्रोल रूम स्थापित कर दिया गया है। कनिष्ठ सहायक विकास कुमार कश्यप को कंट्रोल रूम का प्रभारी बनाया गया है।
उन्होंने बताया कि सार्वजनिक अवकाश व रविवार को छोड़कर प्रत्येक कार्य दिवस में प्रभारी के मोबाइल नंबर 9473835266 पर सुबह 10 से सायं पांच बजे तक संपर्क किया जा सकता है। कंट्रोल रूम नंबर पर मिलने वाली शिकायतों का त्वरित निसतारण कराया जाएगा। खाद्य विभाग ने आठ केंद्रों पर 12 किसानों से 59.68 मीट्रिक टन और यूपीएसएस ने 12 केंद्रों पर नौ किसानों से 42.94 मीट्रिक टन धान खरीदा है। भारतीय खाद्य निगम के एक और पीसीएफ के 12 क्रय केंद्रों पर अभी तक धान खरीद शुरू नहीं हो सकी है। दोनों क्रय एजेंसियों के केंद्र प्रभारियों को तत्काल धान खरीद शुरू कराने का निर्देश दिया गया है।