बलरामपुर। जिले भर में गुरुवार को संविधान दिवस मनाने की धूम रही। सभी सरकारी व गैर सरकारी दफ्तरों में संविधान दिवस पर शपथ दिलाई गई। अधिकारियों ने संविधान के बारे में कर्मियों को जानकारी दी और संविधान के अनुरूप कार्य करने की सलाह दी।
कोविड-19 प्रोटोकॉल का पालन करके स्कूलों में गोष्ठी की गई। गोष्ठी में महात्मा गांधी, डॉ. भीमराव आंबेडकर व सरदार बल्लभ पटेल के जीवनवृत्त पर प्रकाश डाला गया और उनके बताए गए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया गया।
संविधान दिवस पर डीएम कृष्णा करुणेश ने जिले के लोगों को संविधान दिवस की हार्दिक शुभकामना दी। कैंप कार्यालय पर अधीनस्थों को संविधान के अनुरूप कार्य करने की शपथ दिलाई।
एसपी देवरंजन वर्मा ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय पर अपने मातहतों को संविधान दिवस की महत्ता के बारे में जानकारी दी और उन्हें संविधान के अनुरूप कार्य करने की शपथ दिलाई। कलेक्ट्रेट में एडीएम वित्त एवं राजस्व अरुण कुमार शुक्ल ने सभी सहकर्मियों को संविधान के निर्माण के बारे में जानकारी दी और संविधान में वर्णित दिशा-निर्देशों के अनुरूप कार्य करने की शपथ दिलाई।
सीडीओ अमनदीप डुली ने विकास भवन सभागार में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि भारतीय संविधान का निर्माण कराने में महात्मा गांधी, डॉ. भीमराव आंबेडकर व सरदार बल्लभ भाई पटेल आदि का योगदान रहा है।
सीडीओ ने कार्यक्रम में मौजूद पीडी एके सिंह, डीडीओ गिरीश कुमार पाठक, डीपीआरओ नीलेश प्रताप सिंह, डीएमओ पवन कुमार सिंह, डीएसटीओ संजीव कुमार, जिला कृषि अधिकारी मनजीत कुमार, डीपीओ केएम पांडेय, जिला प्रोबेशन अधिकारी सतीश चंद्र व अपर डीपीआरओ नरेश चंद्र आदि को संविधान की प्रस्तावना से अवगत कराया और संविधान के अनुरूप कार्य करने की शपथ दिलाई।
एक्सईएन जलनिगम मनोज कुमार सिंह ने अपने दफ्तर के अधीनस्थों को संविधान दिवस की शपथ दिलाई। इस अवसर पर जेई पीयूष वर्मा आदि मौजूद रहे। अधीक्षण अभियंता पावर कार्पोरेशन ललित कुमार व एक्सईएन सुनील कुमार ने अधिकारियों व कर्मचारियों को संविधान दिवस का महत्व बताया।
डीआईओएस डॉ. चंदन पांडेय, बीएसए डॉ. रामचंद सहित जिले के तीनों तहसीलों, सभी नौ ब्लॉकों व शिक्षा क्षेत्रों और चारों नगरों में संविधान दिवस पर कार्यक्रम किए गए। जिले के माध्यमिक विद्यालयों व उच्च शिक्षण संस्थानों में भाषण व क्विज प्रतियोगिताएं कराई गईं।