बलरामपुर के विकास भवन सभागार कीटनाशक विक्रेताओं को दिया जा रहा प्रशिक्षण ।-स्रोत: विभाग
बलरामपुर। कीटनाशक विक्रेताओं को भंडारण प्रबंधन एवं ऑनलाइन प्रक्रिया के बारे में जानकारी देने के लिए शुक्रवार को विकास भवन सभागार में प्रशिक्षण का आयोजन किया गया। प्रशिक्षण की अध्यक्षता जिला कृषि रक्षा अधिकारी उपेंद्र नाथ खरवार ने की। प्रशिक्षण में पोर्टल पर पंजीकरण तथा भंडारण प्रबंधन की प्रक्रिया के बारे में जानकारी दी गई।
वरिष्ठ सहायक अभय प्रताप सिंह ने बताया कि सभी विक्रेताओं के लिए पोर्टल पर पंजीकरण कराना अनिवार्य है। जिन विक्रेताओं ने अभी तक अपना पंजीकरण नहीं कराया है, वे 18 अप्रैल तक हर हाल में पंजीकरण करा लें। निर्धारित तिथि तक पंजीकरण न होने की स्थिति में संबंधित विक्रेताओं का कीटनाशी लाइसेंस निरस्त कर दिया जाएगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी स्वयं विक्रेता की होगी। कार्यक्रम में विक्रेताओं को ऑनलाइन प्रक्रिया, भंडारण अद्यतन करने के तरीके और विभागीय नियमों की विस्तृत जानकारी दी गई, ताकि भविष्य में किसी प्रकार की समस्या न हो। (संवाद)