बलरामपुर के तुलसीपुर सभागार लोगों की शिकायतें सुनते डीएम विपिन कुमार जैन व अन्य ।-स्रोत : विभा
बलरामपुर। तहसील तुलसीपुर सभागार में शनिवार को आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में फरियादियों की लंबी कतारें सुबह से ही नजर आईं। डीएम विपिन कुमार जैन के सामने लोगों ने अपनी समस्याएं रखीं। पचपेड़वा क्षेत्र के ग्राम अचानकपुर निवासी भुनेश्वरी प्रसाद ने उनकी जमीन की पैमाइश हो चुकी है, लेकिन इसके बावजूद विपक्षी कब्जा नहीं दे रहे हैं। आरोप लगाया कि जब भी वह जमीन पर जाते हैं तो सामने वाले लोग मारपीट पर उतारू हो जाते हैं। इस पर डीएम ने तुरंत अधिकारियों की ओर रुख किया और राजस्व टीम को मौके पर भेजकर मामले का निस्तारण कराने के निर्देश दिए।
इसी दौरान गैसड़ी तहसील के रतनपुर निवासी जगदीश ने बताया कि उनका परिवार मुंबई में रहता है और गांव में उनकी माता की जमीन पर विपक्षियों ने कब्जा कर लिया है। वहीं, महराजगंज तराई की अलीमुन्निशा ने भी अपनी जमीन पर अवैध कब्जे की शिकायत रखी। इसी बीच तुलसीपुर के शीतलापुर निवासी प्रभूदीन ने दिव्यांग पेंशन की मांग को लेकर अधिकारियों से गुहार लगाई। डीएम ने कहा कि जमीन विवादों में किसी भी तरह की लापरवाही नहीं चलेगी। पुलिस और राजस्व विभाग की संयुक्त टीमों को मौके पर जाकर जांच करने और समयबद्ध तरीके से समाधान निकालने के निर्देश दिया।
डीएम ने कहा कि ऐसे गांवों को चिह्नित कर विशेष चौपाल लगाई जाए, जहां विवाद ज्यादा हैं। समाधान दिवस के दौरान कई मामलों को मौके पर ही निपटाया गया, जबकि बाकी मामलों को संबंधित विभागों को सौंपते हुए समयसीमा तय की गई। इसी तरह सदर और उतरौला तहसील में भी संपूर्ण समाधान आयोजित कर फरियादियों की शिकायतें सुनी गई। इस अवसर पर अपर पुलिस अधीक्षक विशाल पांडेय, एसडीएम तुलसीपुर राकेश जयंत, जिला विकास अधिकारी कमलेश सोनी, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. मुकेश रस्तोगी आदि मौजूद रहे।