बलरामपुर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की तरफ से प्रदेश में आर्थिक रूप से पिछड़े, उत्साही व मेधावी छात्र-छात्राओं को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कराने के लिए निशुल्क कोचिंग की सुविधा शुरू की गई है। इसके लिए 15 मई तक ऑनलाइन पंजीकरण कराने का मौका दिया गया है।
जिला समाज कल्याण अधिकारी एमपी सिंह ने सोमवार को बताया कि मुख्यमंत्री अभ्युदय योजना के अंतर्गत प्रदेश के आर्थिक रूप से पिछड़े, उत्साही व मेधावी छात्र-छात्राओं को विभिन्न परीक्षाओं जैसे सिविल सेवा, पीसीएस, जेईई, नीट, एनडीए, सीडीएस व अन्य की तैयारी कराने के लिए कक्षाओं का संचालन किया जाएगा।
अभ्युदय पोर्टल पर 15 मई तक पंजीकरण कराना होगा। प्रवेश की तिथि व समय निर्धारित कर दिया गया है। जेईई की 18 मई, नीट की 19 मई, एनडीए की 20 मई व सिविल सेवा की 21 मई को प्रवेश परीक्षा कराई जाएगी। सभी परीक्षाओं का समय दोपहर दो से दोपहर 3.30 बजे तक निर्धारित किया गया है। प्रवेश परीक्षा का परिणाम 25 मई को वेबसाइट पर प्रकाशित होने और कोचिंग सत्र 26 जून से शुरू होने की संभावना है।