बलरामपुर के गैसड़ी में मुख्य चौराहे पर पुलिस चौकी के पास हुआ जलभराव।
गैसड़ी/श्रीदत्तगंज/गौरा चौराहा। क्षेत्र में शनिवार को हुई झमाझम बारिश ने एक ओर जहां लोगों को चिलचिलाती गर्मी से बड़ी राहत दी, वहीं दूसरी ओर बदहाल जलनिकासी व्यवस्था और जर्जर सड़कों ने आम जनजीवन की मुश्किलें बढ़ा दी हैं।
गैसड़ी आदर्श नगर पंचायत के मुख्य चौराहे पर पुलिस चौकी के पास हल्की बारिश से ही जलभराव की स्थिति बन गई। पानी जमा होने से पैदल राहगीरों और स्कूल जाने वाले बच्चों को आवागमन में सबसे अधिक परेशानी हुई। दुर्गेश, वीरेंद्र जायसवाल, दिनेश जायसवाल, प्रिंस और राकेश गौतम ने जलनिकासी व्यवस्था दुरुस्त कराने की मांग की है। श्रीदत्तगंज क्षेत्र के अगया बुजुर्ग के जलीलडीह स्थित मार्ग की हालत बारिश के बाद और खराब हो गई है। सड़क पर बने गहरे गड्ढों में पानी भरने से रज्जकपुरवा, धोबहा, महदेइया, सिरसिया, बिलरिया, कालू बनकट और पेहर बाजार जाने वालों को परेशानी हो रही है। दिलीप कुमार, पप्पू, बाबादीन, नियाजी और रामफेर ने सड़क की मरम्मत और जलनिकासी की व्यवस्था कराने की मांग की। उधर, गौरा चौराहा क्षेत्र में सुबह पांच बजे से रुक-रुककर बारिश होने से किसानों को राहत मिली। गोपाल, धर्मेंद्र, कल्लू यादव और राम विलास ने बारिश को फसलों के लिए लाभकारी बताया।
बलरामपुर के गैसड़ी में मुख्य चौराहे पर पुलिस चौकी के पास हुआ जलभराव।