रेहराबाजार। क्षेत्र के घोघरा गांव में सोमवार दोपहर एक घर के कमरे में अजगर पहुंच गया और कुंडली मारकर बैठ गया। कमरे की सफाई करने पहुंचीं महिलाओं ने कोने में अजगर को देखा तो घबराकर शोर मचाया। उनकी आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर जुट गए।
वन विभाग की टीम ने काफी मशक्कत के बाद अजगर को सुरक्षित रेस्क्यू किया और पास के बैरिया जंगल में छोड़ दिया। गनीमत रही कि समय रहते अजगर के बारे में जानकारी हो गई और कोई अनहोनी नहीं हुई।
घोघरा गांव निवासी रामधन के अनुसार, सोमवार अपराह्न करीब तीन बजे घर की महिलाएं कमरे की सफाई करने के लिए अंदर गई थीं। इसी दौरान उनकी नजर कमरे के एक कोने में बैठे अजगर पर पड़ी। ग्रामीणों ने इसकी जानकारी स्थानीय निवासी श्याम नारायन वर्मा को दी। श्याम नारायन ने वन विभाग को सूचना दी।
इसके बाद वनकर्मी हिदायत चौधरी और फॉरेस्टर मनीष सिंह टीम के साथ मौके पर पहुंचे। रेंजर एसपी गुप्ता ने बताया कि घर से रेस्क्यू किए गए अजगर को सुरक्षित तरीके से पास के बैरिया जंगल में छोड़ दिया गया है। उन्होंने लोगों से अपील की कि घर या आसपास सांप अथवा कोई अन्य वन्यजीव दिखाई देने पर उसे खुद पकड़ने या नुकसान पहुंचाने की कोशिश न करें। इसकी सूचना तत्काल वन विभाग को दें।