बलरामपुर। जिले के 25 स्वास्थ्य केंद्रों पर आयोजित होने वाला जन आरोग्य मेला इस बार महिलाओं को समर्पित किया गया। अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर जन्मी बच्ची व मां को उपहार भेंट करते हुए स्वस्थ रहने की कामना की गई। इस दौरान स्वास्थ्य केंद्रों पर बच्चों के अन्न प्रासन्न व महिलाओं की गोदभराई का रस्म भी संपन्न हुआ।
महिलाओं को समर्पित जन आरोग्य मेले का शुभारंभ इस बार प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बलरामपुर में हेल्थ विजिटर रुपमणि पांडेय ने किया। पोषण पखवाड़े का उदघाटन करते हुए सदर विधायक पल्टूराम ने अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर जन्म लेने वाली रमनगरा अमरहवा की नवजात बच्ची राशि को कपड़ा व उसकी मां चंपा को पोषणयुक्त आहार सहित उपहार भेंट किया।
एसडीएम डॉ. नागेंद्र नाथ यादव, एमओआईसी डॉ. जावेद व सीडीपीओ राकेश कुमार ने भी मां और बच्ची को उपहार भेंट किया। आरोग्य मेले का निरीक्षण करते हुए नोडल अधिकारी रामेंद्र कुुमार ने मेले में लगाए गए विभिन्न पोषण स्टॉलों का निरीक्षण भी किया। इस दौरान जनप्रतिनिधि व अधिकारियों ने भीखपुर की तेजश्री, शुभ्रा और जोकहिया की बेटी शायरा का अन्न प्रासन्न तथा विशुनापुर प्रथम की आसमा, विशुनापुर तृतीया की सुनीता व कलवारी तृतीय की गुलशन की गोदभराई भी करवाई।
इस अवसर पर बीजेपी जिला उपाध्यक्ष अजय सिंह पिंकू, बृजेंद्र तिवारी, जिला प्रोबेशन अधिकारी सतीश चंद्र, चिकित्साधिकारी डॉ. जगमोहन, डॉ. अशोक वर्मा, डॉ. मोहसिन अली, सीडीपीओ सत्येंद्र सिंह, गरिमा श्रीवास्तव, राजेश सिंह, सुनील कुमार, संजय कुमार, आकाश पांडेय, महेश मिश्रा, आशु मिश्रा व राजीव द्विवेदी सहित तमाम लोग मौजूद रहे।
इसी तरह नगर के 24 अन्य स्वास्थ्य केंद्रों पर भी जन आरोग्य मेले का आयोजन किया गया। जन आरोग्य मेले में करीब चार हजार मरीजों की जांच व चिकित्सा के साथ उन्हें मुफ्त दवाएं भी वितरित की गई। इस दौरान नवजात शिशुओं तथा गर्भवती महिलाओं का टीकाकरण भी किया गया। बहेरेकुइया गांव के एक बच्चे को कुपोषित पाए जाने पर उसे एनआरसी रेफर किया गया है।