बलरामपुर। कोरोना काल में माध्यमिक स्कूलों में वर्चुअल कक्षाओं के माध्यम से बच्चों को ऑनलाइन पढ़ाया जा रहा है। माध्यमिक शिक्षा विभाग की तरफ से हर सप्ताह निर्धारित पाठ्यक्रम का टाइम टेबल भी स्कूलों को उपलब्ध कराया जा रहा है। डीआईओएस डॉ. चंदन कुमार पांडेय ने गुरुवार को दो स्कूलों का औचक निरीक्षण कर टाइम टेबल के अनुसार ही छात्र छात्राओं का ऑनलाइन कक्षाओं से पढ़ाई कराने का निर्देश दिया है।
डीआईओएस ने बताया कि उन्होंने एमडीके व बीएमएस इंटर कॉलेज का निरीक्षण करके वहां के शिक्षक शिक्षिकाओं को कोरोना काल में ऑनलाइन शिक्षण कार्य कराने की जिम्मेदारी सौंपी है। नए अध्यापन विधि में आने वाली दिक्कतों का निस्तारण कराने के लिए 9 नोडल अधिकारियों की तैनाती की गई है। गूगल मीट के माध्यम से बैठक कर कार्यों का विभाजन किया जा रहा है।
सभी विद्यार्थियों तक पहुंचने और लाभान्वित करने का लक्ष्य नोडल अधिकारियों को दिया गया है। प्रधानाचार्यों से गूगल मीट के माध्यम से नोडल अधिकारियों को जोड़कर ऑनलाइन शिक्षा देने के तौर तरीकों पर नियमित बातचीत कर रहे हैं। कक्षा 10 व 12 डीडीयूपी से और कक्षा 9 व 11 के विद्यार्थियों को स्वयंप्रभा के चैनल 22 से भी पढ़ाया जा रहा है।
दोनों स्कूलों के प्रधानाचार्यों से डीआईओएस ने वर्चुअल कक्षाओं के संचालन में आने वाली दिक्कतों के बारे में जानकारी ली और उनका निराकरण कराने का सुझाव दिया। ई ज्ञान गंगा स्कूल एप व स्वयं प्रभा चैनल के बारे में शिक्षकों से जानकारी ली। जिले के माध्यमिक स्कूलों को 9 जोन में बांटा गया है।
हर जोन के लिए प्रशिक्षित शिक्षक या प्रधानचार्य को नोडल नियुक्त कर हर विद्यालय से जुड़कर वर्चुअल कक्षा के संचालन की जिम्मेदारी दी गई है। ई ज्ञान गंगा, स्वयं प्रभा व डीडीयूपी के माध्यम से शिक्षा देने का कार्य हो रहा है। हर सप्ताह शिक्षण के लिए टाइम टेबल का निर्धारण किया जाता है।
कोविड 19 महामारी के चलते इस वर्ष यूपी बोर्ड में 30 प्रतिशत पाठ्यक्रम घटा दिया गया है। शिक्षकों के डायरी में निर्धारित पाठ्यक्रम को दर्ज करा दिया गया है। जब तक स्कूल नहीं खुल रहे है तब तक बच्चों को स्वयं प्रभा, डीडीयूपी व ई ज्ञान गंगा चैनल और यूट्यूब से जोड़कर पढ़ाया जाएगा।