बलरामपुर। जिले में धान खरीद शुरू हुए 18 दिन बीत चुके हैं, लेकिन अब तक व्यवस्था पटरी पर नहीं आ सकी है। अव्यवस्था का आलम यह है कि तीन क्रय केंद्रों पर 18 दिन बाद भी खरीद प्रभारी की तैनाती नहीं हो सकी है। ऐसे में किसान अपनी उपज बेचने के लिए केंद्रों का चक्कर लगाने को मजबूर हैं। विभागीय लापरवाही के चलते 37 में से 12 क्रय केंद्रों पर अब तक बोहनी तक नहीं हो सकी है।
जिले में एक नवंबर से धान खरीद शुरू की गई थी। न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) योजना के तहत धान खरीदने के लिए जिले में 37 क्रय केंद्र बनाए गए हैं। इनमें खाद्य विभाग और यूपीएसएस के 13-13, पीसीएफ के 10 और भारतीय खाद्य निगम का एक केंद्र शामिल है। उतरौला, रेहरा बाजार और श्रीदत्तगंज के खरदौरी क्रय केंद्र पर अब तक प्रभारी की तैनाती नहीं की गई है। ऐसे में इन केंद्रों पर पहुंचने वाले किसानों को धान बेचने के लिए परेशान होना पड़ रहा है।
विभागीय आंकड़ों के अनुसार, जिले को 41 हजार मीट्रिक टन धान खरीद का लक्ष्य दिया गया है। 18 नवंबर तक 25 क्रय केंद्रों पर 124 किसानों से 681.74 मीट्रिक टन धान की खरीद हुई है। इनमें से 22 किसानों को 22 लाख रुपये का भुगतान किया जा चुका है, जबकि 102 किसानों का 1.45 करोड़ रुपये बकाया है।
उपज बेचने के लिए भटक रहे अन्नदाता
उतरौला तहसील क्षेत्र में क्रय केंद्रों का संचालन शुरू नहीं होने से किसानों की परेशानी बढ़ गई है। श्रीदत्तगंज, उतरौला और रेहरा बाजार में किसान धान बेचने के लिए भटक रहे हैं। किसान सुरेंद्र सिंह और राम जियावन वर्मा ने बताया कि धान की फसल तैयार है, लेकिन अब तक क्रय केंद्रों पर तौल प्रभारी की तैनाती नहीं की गई है। इसके चलते क्रय केंद्रों पर सन्नाटा पसरा हुआ है।
किसानों ने बताया कि सहालग के सीजन में उन्हें पैसों की जरूरत है। एमएसपी पर धान नहीं बेच पाने के कारण किसान साहूकारों और आढ़तियों को कम दामों पर अपनी उपज बेचने को मजबूर हैं। विभागीय अव्यवस्था के चलते किसानों को न्यूनतम समर्थन मूल्य योजना का लाभ मिलने में परेशानी हो रही है। वहीं, पोर्टल नहीं चलने के कारण ऑनलाइन पंजीकरण में भी दिक्कत आ रही है।
आढ़ती उठा रहे अव्यवस्था का फायदा
क्रय केंद्रों पर खरीद व्यवस्था सुचारु नहीं होने के कारण किसान अपनी उपज बेचने के लिए आढ़तियों के यहां पहुंच रहे हैं। नगर के भगवतीगंज-उतरौला मार्ग पर कई व्यापारियों के प्रतिष्ठानों के बाहर दिनभर धान लदे ट्रक और ट्रैक्टर-ट्रॉली खड़े देखे जा सकते हैं। किसान नेता बृजेश विश्वकर्मा ने बताया कि शासन की मंशा के अनुरूप किसानों को एमएसपी का लाभ नहीं मिल पा रहा है। विभागीय अव्यवस्था का खामियाजा अन्नदाताओं को भुगतना पड़ रहा है।