बलरामपुर। श्री गणपति पूजन महोत्सव केंद्रीय समिति के पदाधिकारियों की बैठक रविवार को मोहल्ला टेढ़ी बाजार में हुई। जिसमें श्री गणपति महोत्सव की तैयारियों पर चर्चा की गई।
बैठक की अध्यक्षता करते हुए संस्थापक अध्यक्ष अविनाश मिश्रा ने कहा कि 18 सितंबर को श्री गणेश पूजा महोत्सव जिले में बड़े ही धूमधाम से मनाया जाएगा। जिले में करीब 200 स्थानों पर पूजा-पंडाल सजाकर भगवान श्रीगणेश की प्रतिमा स्थापित की जाएगी। प्रतिमा स्थापना के साथ ही भगवान गणेश की पूजा-अर्चना के लिए पट खोला जाएगा। गणपति महोत्सव के दौरान गाजे-बाजे के साथ जुलूस निकाला जाएगा।
उपाध्यक्ष डॉ. तुलशीश दुबे ने कहा कि केंद्रीय समिति के पदाधिकारी नगर में स्थापित प्रतिमा स्थलों पर पहुंचकर समिति के पदाधिकारियों से मुलाकात करेंगे। समितियों को केंद्रीय समिति में जोड़ा जाएगा। गणेश महोत्सव को सफल बनाने के लिए पदाधिकारियों को जिम्मेदारी भी सौंपी गई। इस अवसर पर महामंत्री मनोज साहू, अंबरीश शुक्ला, शौर्य मिश्रा, कृष्ण कुमार तिवारी, शुभम बाल्मीकि, दीपक व बंटी साहू आदि मौजूद रहे।