पीडब्ल्यूडी के सहायक अभियंता ने एसडीएम उतरौला को पत्र लिखा
संवाद न्यूज एजेंसी
बलरामपुर। उतरौला-फैजाबाद मार्ग स्थित ग्वालियर ग्रंट में लोक निर्माण विभाग की भूमि पर अवैध कब्जा करके बनाए गए 80 घरों पर बुलडोजर चलेगा। न्यायालय के आदेश पर पीडब्ल्यूडी के सहायक अभियंता ने अवैध अतिक्रमण हटवाने के लिए एसडीएम उतरौला को पत्र लिखा है।
रेहरा बाजार के ग्वालियर ग्रंट गांव निवासी रामपाल ने उच्च न्यायालय लखनऊ खंडपीठ में औतारी व उसके पति फूलचंद उर्फ बबई के विरुद्ध अतिक्रमण हटाने के लिए रिट दायर की थी। 11 मई को राजस्व टीम ने मौके पर सीमांकन किया तो 80 अतिक्रमणकारियों द्वारा पीडब्ल्यूडी की जमीन पर अवैध कब्जा पाया गया। अतिक्रमणकारियों को कब्जा हटाने के लिए 24 मई को नोटिस दी गई थी। नोटिस मिलने के बाद भी अवैध कब्जा नहीं हटाया गया। दो माह बीत जाने के बाद 15 जुलाई को फिर से लोक निर्माण विभाग के सहायक अभियंता द्वितीय भानु प्रताप सिंह ने एसडीएम उतरौला को पत्र लिखकर अतिक्रमण हटवाने के लिए सिफारिश की है। इस संबंध में एसडीएम उतरौला अवधेश कुमार ने बताया कि अतिक्रमणकारियों को कब्जा हटा लेने के लिए पुन: नोटिस दी जाएगी। न्यायालय के आदेश का अनुपालन कराया जाएगा। अतिक्रमण न हटाने पर मजिस्ट्रेट नामित करते हुए पुलिस बल की सहायता से कब्जा ढहाया जाएगा।