बलरामपुर के गैसड़ी में क्लीनिक सील कराती टीम ।-स्रोत : विभाग
बलरामपुर। अवैध रूप से संचालित नर्सिंग होम व स्वास्थ्य सेंटरों के खिलाफ स्वास्थ्य विभाग की कार्रवाई जारी है। स्वास्थ्य टीम ने रविवार को गैसड़ी बाजार में जांच अभियान चलाया। बिना लाइसेंस संचालित प्राइमरी हेल्थ केयर सेंटर को सील कर दिया।
अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. संतोष कुमार श्रीवास्तव के नेतृत्व में स्वास्थ्य टीम ने गैसड़ी बाजार में छापा मारा। स्वास्थ्य टीम को देखकर कई सेंटर संचालक गायब हो गए। एसीएमओ ने प्राइमरी हेल्थ केयर सेंटर में अभिलेखों की जांच की। संचालक डॉ. एस मलिक पंजीकरण के संबंध में कोई अभिलेख नहीं दिखा सके।
जांच में पाया गया हेल्थ केयर सेंटर बिना पंजीकरण के ही संचालित था। यहां अवैध तरीके से मरीजों का उपचार किया जा रहा था। एसीएमओ डॉ. संतोष कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि सेंटर को सील कराते हुए संचालक को नोटिस देकर स्पष्टीकरण मांगा गया है। तीन दिन में जवाब न देने पर संचालक के खिलाफ एफआईआर की कार्रवाई की जाएगी। बताया कि सीएमओ के निर्देश पर स्वास्थ्य टीम जिले भर में जांच अभियान चला रही है। बिना लाइसेंस संचालित केंद्रों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।