बलरामपुर। कोविड-19 महामारी के चलते 25 मार्च 2020 से बंद पड़े कक्षा एक से पांच तक के स्कूलों को खोलने की तैयारियां की जा रही हैं। बेसिक शिक्षा महकमा ने शासन स्तर से जारी दिशा-निर्देश का अनुपालन कराने के लिए सरकारी व निजी स्कूलों में गाइड लाइन उपलब्ध करा दिया है।
सभी स्कूल संचालकों को सरकार, प्रशासन व स्वास्थ्य विभाग की जारी गाइड लाइन का पालन कराने का निर्देश दिया गया है। प्रत्येक कक्षा में हर दिन 50 प्रतिशत क्षमता के साथ बच्चों की हर दिन उपस्थिति रहेगी।
बीएसए डॉ. रामचंद्र ने बुधवार को बताया कि शासन ने एक मार्च से कक्षा एक से पांच तक के सरकारी व निजी स्कूलों को खोलने का निर्देश दिया है। साथ ही शासन ने स्कूलों के संचालन में सरकार, प्रशासन व स्वास्थ्य विभाग के गाइड लाइन का पालन करने का भी निर्देश दिया है।
सभी 10 शिक्षा क्षेत्रों के बीईओ को स्कूलों में शिक्षण कार्य करने से पहले सैनिटाइज कराना, कोविड 19 सुरक्षा के लिए सभी स्कूलों को मानकों से लैस कराना। स्कूल कैंपस व सभी कक्षाओं के फर्नीचर, उपकरण, स्टेशनरी, भंडार कक्ष, पानी की टंकी, किचन, वॉशरूम, प्रयोगशाला व लाइब्रेरी आदि की साफ सफाई कराकर उन्हें कोरोना संक्रमण से मुक्त कराए जाने का जिम्मा सौंपा है।
प्रत्येक कक्षा में छात्रों की हर दिन 50 प्रतिशत उपस्थिति रहेगी। शेष 50 प्रतिशत बच्चों को दूसरे दिन बुलाया जाएगा। किसी भी कार्य दिवस में कक्षाओं में कुल क्षमता का 50 प्रतिशत से उपस्थिति अधिक नहीं होनी चाहिए। इस निर्देश का कड़ाई से पालन होना अनिवार्य है।
कक्षा एक व पांच के छात्र छात्राओं को सोमवार व गुरुवार, कक्षा दो व कक्षा कक्षा चार के छात्र छात्राओं को मंगलवार व शुक्रवार और कक्षा तीन के छात्र छात्राओं को बुधवार व शनिवार को 50 प्रतिशत कोटे के साथ स्कूलों में बुलाया जाएगा। बीएसए ने एमडीएम के जिला समन्वयक फिरोज अहमद को मध्याह्न भोजन के लिए सभी संसाधन मुहैया कराने का निर्देश दिया है।
एमडीएम खाते का संचालन ग्राम प्रधानों के स्थान पर विद्यालय एसएमसी अध्यक्ष से कराया जाएगा। रसोई घर व बर्तन की साफ सफाई कराई जाए। एलपीजी गैस सिलेंडर की व्यवस्था की जाए। कोटेदार से समन्वय स्थापित कर खाद्यान्न की व्यवस्था कराई जाए। मेन्यू के अनुसार दूध, फल व गर्म पका हुआ भोजन बच्चों को दिया जाएगा।
एक मार्च से बेसिक शिक्षा विभाग के 1247, निजी विद्यालय 651, सीबीएसई के 14 व आईसीएसई के दो विद्यालयों में कक्षा एक से पांच तक इसी शेड्यूल के आधार पर छात्र छात्राओं को कक्षाओं में पढ़ाया जाएगा। बीईओ के साथ-साथ बेसिक शिक्षा कार्यालय में तैनात डीसी निरंकार पांडेय, एनके सिंह, आभा त्रिपाठी व मोहित देव त्रिपाठी को स्कूलों का औचक निरीक्षण करने का जिम्मा सौंपा गया है।