बलरामपुर। पुराने मुकदमों में पैरवी करके अपराधियों को सजा दिलाने की तैयारी तेज कर दी गई है। एसपी विकास कुमार के निर्देश पर पुलिस लाइन सभागार में रविवार को मुकदमों के पैरोकारों की गोष्ठी कर उन्हें जिम्मेदारी सौंपी गई है।
गोष्ठी को संबोधित करते हुए एएसपी विशाल पांडेय ने कहा कि न्यायालयों में मुकदमाें का बोझ कम करने में मदद के लिए पैरोकारों को तेजी से कार्य करने होंगे। न्यायालयों से जारी होने वाले सम्मन, जमानतीय व गैर जमानतीय वारंट का तेजी से अनुपालन कराएं। ऐसे आरोपियों को गिरफ्तार करके तुरंत न्यायालय के समक्ष पेश करें, जिससे उन्हें को जल्द से जल्द सजा दिलाई जा सके।
न्यायालयों में गवाहाें को समय पर उपस्थित कराकर उनकी गवाही कराएं। इस दौरान सभी थानों पर नियुक्त पैरोकार, सहायक पैरोकार, कोर्ट मोहर्रिर, सम्मन सेल व मॉनीटरिंग सेल के कर्मियों को दक्षता का पाठ पढ़ाया गया। बैठक में प्रभारी मॉनीटरिंग सेल, सम्मन सेल व अतिरिक्त निरीक्षक आदि मौजूद रहे।