फोटो-8-बलरामपुर के तुलसीपुर में सजी हनुमानगढ़ी मंदिर ।-संवाद
तुलसीपुर। प्रसिद्ध संकटमोचन हनुमानगढ़ी मंदिर में ज्येष्ठ माह के आगमन के साथ तैयारियां जोरों पर हैं। ज्येष्ठ माह के मंगलवारों पर उमड़ने वाली भारी भीड़ को देखते हुए मंदिर प्रशासन ने श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा के लिए व्यापक इंतजाम किए हैं। शनिवार को बड़ी संख्या में श्रद्धालु बजरंगबली के दर्शन किए और जयकारे लगाए।
मंदिर प्रबंधक दिलीप गुप्त ने बताया कि इस वर्ष ज्येष्ठ माह का पहला बड़ा मंगलवार पांच मई को है। इसे लेकर मंदिर परिसर में कतारबद्ध दर्शन व्यवस्था, पेयजल एवं छाया की व्यवस्था की जा रही है। साथ ही पूरे मंदिर परिसर को आकर्षक ढंग से सजाया जा रहा है। मंगलवार को विशेष प्रसाद वितरण व भंडारा होगा। शनिवार को दर्शन के लिए पहुंचे श्रद्धालु अश्वनी ने कहा कि ज्येष्ठ माह में हनुमानगढ़ी का विशेष महत्व है और इस बार की तैयारियों से भक्तों को काफी राहत मिलेगी। श्रद्धालु अनुष्का ने कहा कि ज्येष्ठ के मंगलवार को यहां दर्शन करना सौभाग्य की बात होगी। नगर में जगह-जगह भंडारों के आयोजन होगा। श्रद्धालु बड़े उत्साह के साथ पहले मंगलवार का इंतजार कर रहे हैं।
मलमास के कारण पड़ेंगे आठ बड़े मंगल
प्रबंधक ने बताया कि इस बार ज्येष्ठ माह के मध्य में मलमास पड़ने के कारण पूजा का स्वरूप विशेष रहेगा। दो मंगलवार के बाद मलमास प्रारंभ होगा और उसके पश्चात फिर मंगलवार पड़ेंगे। इस प्रकार कुल 8 मंगलवारों तक बजरंगबली का विशेष पूजन-अर्चन और अनुष्ठान किया जाएगा।