गैसड़ी (बलरामपुर)। तुलसीपुर तहसील क्षेत्र के ग्राम गौरा निवासी चार्टर्ड एकाउंटेंट प्रीति श्रीवास्तव ने दूसरे प्रयास में ही यूपी पीसीएस की परीक्षा पास कर जिला लेखा परीक्षा अधिकारी बनी हैं। प्रीति के पिता कृष्णा कुमार श्रीवास्तव फारेस्ट ऑफिसर थे और वह लखीमपुर खीरी के तिकुनिया में तैनात थे। प्रीति की प्रारंभिक शिक्षा तिकुनिया में हुई। यहीं के महाराज इंटर कॉलेज से प्रीति यूपी बोर्ड की 12वीं की परीक्षा उत्तीर्ण की। इनके पिता का स्थानांतरण गोंडा हो गया तो प्रीति ने शहर स्थित एलबीएस डिग्री कॉलेज से ही बीकॉम व एमकॉम किया।
लखनऊ में रहकर प्रीति ने सीए की परीक्षा उत्तीर्ण की। वर्ष 2007 में प्रीति की शादी बहराइच जनपद निवासी विकास श्रीवास्तव से हुई। दांपत्य जीवन का निर्वहन करते हुए प्रीति ने यूपी पीसीएस की तैयारी पूरी निष्ठा व लगन के साथ की। वर्ष 2016 में उन्होंने पहली बार पीसीएस की परीक्षा दी। इस बार वह सफल नहीं हो सकीं। प्रीति का कहना है कि सफलता के लिए उन्होंने समयबद्ध तैयारी की और 2018 की परीक्षा में उन्हें जिला लेखा परीक्षा अधिकारी बनने का गौरव प्राप्त हुआ। प्रीति के पिता और माता कुसुमलता श्रीवास्तव अब इस दुनिया में नहीं हैं। इनके चार भाई हैं। चारों लोग अलग-अलग सरकारी सेवा में हैं। प्रीति ने अपनी सफलता का श्रेय पति और परिवारीजनों के सहयोग को दिया है।