फोटो-19- नगर में पोल पर खराबी ठीक करते कर्मी। स्रोत विभाग
बलरामपुर। नगर के पूरबटोला फीडर में ट्रिपिंग के कारण दिन में करीब पांच घंटे बिजली आपूर्ति बाधित रही। बूंदाबांदी के बीच दोपहर में बिजली कटौती से उपभोक्ताओं को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। पेट्रोलिंग के बाद कर्मचारियों ने खराबी दूर कर आपूर्ति बहाल की। वहीं, तुलसीपुर में भी बारिश के चलते बिजली आपूर्ति प्रभावित रही। यहां पूरे दिन बिजली की आवाजाही लगी रही। सुबह करीब पांच घंटे कटौती के बाद शाम को भी आपूर्ति बाधित रही।
नगर के पूरबटोला फीडर में ट्रिपिंग और ब्रेकडाउन के कारण कई मोहल्लों की बिजली गुल रही। इसके अलावा एमएलके महाविद्यालय का केबल बॉक्स भी जल गया। वहीं, कालीथान से मेजर चौराहा मार्ग पर 11 केवी लाइन का जंपर टूटने से भी बिजली आपूर्ति प्रभावित हुई। इन खराबियों के चलते कालीथान, मेजर चौराहा, सिटी पैलेस और पूरबटोला समेत आठ मोहल्लों में बिजली गुल रही।
उपभोक्ता करन शर्मा, सुशील सिंह, मोहित वर्मा और शुभम गुप्ता ने बताया कि बिजली कटौती के कारण दोपहर में पानी की समस्या से जूझना पड़ा। बारिश के चलते बाहर निकलना भी मुश्किल था। ऐसे में बिजली न रहने से घरों में काफी दिक्कत हुई। एसडीओ पिंटू यादव ने बताया कि पेट्रोलिंग के बाद कर्मचारियों से मरम्मत कार्य कराया गया और बिजली आपूर्ति बहाल कर दी गई।