फोटो-23- बलरामपुर के कंपोजिट विद्यालय में ई-कचरा प्रबंधन पर आयोजित कार्यक्रम में शामिल प्रतिभाग
बलरामपुर। ई-वेस्ट कैंपेन 6.0 के तहत कंपोजिट विद्यालय आदर्श नगर में पोस्टर और मॉडल प्रतियोगिता आयोजित की गई। दोनों प्रतियोगिताओं में विद्यार्थियों ने पूरे उत्साह के साथ प्रतिभाग किया। बच्चों ने पोस्टर और मॉडल के माध्यम से ई-कचरे के दुष्प्रभावों को दर्शाते हुए उसके सुरक्षित निस्तारण और पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
प्रभारी प्रधानाध्यापक सलमा खान ने कहा कि डिजिटल युग में मोबाइल, कंप्यूटर, बैटरी और चार्जर जैसे इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों का उपयोग तेजी से बढ़ रहा है। अनुपयोगी होने पर इन्हें सामान्य कूड़े में फेंकना पर्यावरण और मानव स्वास्थ्य के लिए नुकसानदेह हो सकता है। ई-कचरे में मौजूद हानिकारक पदार्थ मिट्टी, जल और वायु को प्रदूषित करते हैं। इसलिए इसे सामान्य कचरे से अलग करके अधिकृत संग्रह केंद्रों तक पहुंचाना जरूरी है। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक होने के साथ ही अपने परिवार और आसपास के लोगों को भी ई-कचरे के सुरक्षित निस्तारण के लिए प्रेरित करना चाहिए। छोटे-छोटे प्रयासों से प्रदूषण कम करने में मदद मिल सकती है।
मॉडल प्रतियोगिता में पायल ने पहला, पिंकी वर्मा ने दूसरा और मानसी मौर्या ने तीसरा स्थान प्राप्त किया। वहीं, पोस्टर प्रतियोगिता में लवकुश प्रथम, अंशिका द्वितीय और आरती तृतीय स्थान पर रहीं। प्रभारी प्रधानाध्यापक ने विजेता प्रतिभागियों को बधाई देते हुए सभी विद्यार्थियों के प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि इस तरह की गतिविधियों से बच्चों में रचनात्मकता, वैज्ञानिक दृष्टिकोण और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जिम्मेदारी की भावना विकसित होती है।