बलरामपुर। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर हर घर तिरंगा फहराने के लिए पहली बार डाक विभाग ने अनूठी पहल की है। डाकघर या फिर डाकिया से कोई भी व्यक्ति डिमांड करके झंडा मंगवा सकता है। बस इसके लिए लोगों को 25 रुपये खर्च कर आर्डर करना होगा। जिले के मुख्य डाकघर से अब तक 500 से अधिक झंडों की बिक्री हो चुकी है।
स्वतंत्रता दिवस के मौके पर पीएम नरेंद्र मोदी के आह्वान पर 13 से 15 अगस्त तक हर घर तिरंगा अभियान चलाया जाएगा। इस दौरान प्रत्येक घर पर 15 अगस्त को तिरंगा झंडा फहराया जा सके, इसके लिए डाक विभाग ने झंडों की बिक्री शुरू कर दी है। पहली बार जिले के सभी डाकघरों में बिक्री के लिए तिरंगा पहुंच चुका है। डाकघर में 25 रुपये प्रति झंडा बेचा जा रहा है। इसके अलावा डाक विभाग ने होम डिलीवरी की सुविधा देगी। कोई भी व्यक्ति अपने मुहल्ले के डाकिया से झंडे की डिमांड करके घर पर ही तिरंगा मंगवा सकता है। नगर के वीर विनय चौराहा स्थित प्रधान डाकघर के अधीक्षक राज कुमार मिश्र ने बताया कि डाकघर से अब तक 500 से अधिक झंडे की बिक्री हो चुकी है। गोंडा-बलरामपुर की डाक अधीक्षक किरन सिंह का कहना है कि डाकघरों में बिक्री के लिए तिरंगा पहुंचाया गया है। ध्वजारोहण के लिए सभी डाकघरों पर झंडा बिक रहा है।