बलरामपुर। चार ग्राम प्रधान व एक बीडीसी सीट पर होने वाले उपचुनाव के लिए सोमवार को तीन ब्लाक मुख्यालयों से पांच पोलिंग पार्टियां रवाना की जाएंगी। ये पोलिंग पार्टियां छह अगस्त को सुबह सात से शाम पांच बजे तक मतदान कराएंगी। यहां पांचों सीटों पर 8603 वोटरों को अपने मताधिकार का प्रयोग करना है।
सदर ब्लॉक में तीन व तुलसीपुर ब्लॉक में एक प्रधान एवं उतरौला ब्लॉक में एक बीडीसी सीट पर उपचुनाव कराने की तैयारी की जा रही है। ग्राम प्रधान के रिक्त चार पदों पर 7111 वोटर मतदान करेंगे। सदर ब्लॉक के ग्राम पंचायत सिंगाही में 1350 वोटरों को तीन, करमहना में 1574 वोटरों को दो व घुघुलपुर में 2124 वोटर वोट डालेंगे। सिंगाही में दो, करमहना में दो व घुघुलपुर में तीन बूथों पर मतदान होना है। तुलसीपुर ब्लॉक के लालनगर सिपहिया में तीन बूथों पर मतदाता वोट डालेंगे। लालनगर सिपहिया के 2063 वोटरों को चार उम्मीदवारों के भाग्य का फैसला करना है। उतरौला ब्लॉक के मटियरिया कर्मा में एक बीडीसी सीट पर दो उम्मीदवारों के भाग्य का फैसला तीन बूथों के 1492 वोटरों को करना है। मतदान के बाद पोलिंग पार्टियों को ब्लॉकों में बने स्ट्रांग रूम में कड़ी सुरक्षा के बीच मतपेटिका जमा कराना है। इसके बाद आठ अगस्त को मतगणना होगी।
56 सीटों पर उपचुनाव की जारी हुई थी अधिसूचना
-प्रधान के पांच सहित 56 सीटों पर उपचुनाव की अधिसूचना जारी की गई थी। गैसड़ी ब्लॉक के ग्राम पंचायत हरनहवा सुस्ता में गलत आरक्षण के चलते उप चुनाव नहीं कराया जा सकता है। नौ बीडीसी के सापेक्ष आठ पर एकल नामांकन भरे गए थे, जिनका निर्विरोध निर्वाचन तय माना जा रहा है। वहीं 42 ग्राम पंचायत सदस्य सीटों के सापेक्ष 36 पर एकल नामांकन था, जबकि छह सीटों पर नामांकन दाखिल नहीं हुए।
निष्पक्ष उपचुनाव कराने की तैयारी
-चार प्रधान व एक बीडीसी सीट पर उप चुनाव हो रहा है। शांतिपूर्ण व निष्पक्ष ढंग से छह अगस्त को मतदान कराने की तैयारी की गई है।
प्रदीप कुमार, उप जिला निर्वाचन अधिकारी /एडीएम वित्त एवं राजस्व