बलरामपुर। सीएचसी तुलसीपुर के एक कमरे में बरामद हुई 10 लाख रुपये की एक्सपायर दवा के मामले में पुलिस की जांच पूरी हो गई है। अब पुलिस की रिपोर्ट के आधार पर स्वास्थ्य विभाग जल्द ही आरोपी चिकित्साधिकारी के खिलाफ कार्रवाई करेगा।
चार दिसंबर 2024 को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र तुलसीपुर आवास के एक कमरे का ताला तोड़कर करीब 10 लाख रुपये की कालातीत दवाएं बरामद की गई थीं। अस्पताल में मिली एक्सपायर्ड दवाओं का विवरण स्टाॅक रजिस्टर में दर्ज ही नहीं था, जबकि दवाओं पर सरकारी लेबल लगा हुआ है। इतनी बड़ी मात्रा में सरकारी दवाओं के कालातीत का जिम्मेदार पूर्व सीएचसी अधीक्षक डॉ. सुमंत सिंह चौहान को माना गया था। एक साल से पुलिस मामले की जांच में जुटी थी।
तुलसीपुर इंस्पेक्टर आरके सिंह ने बताया कि एक्सपायर दवा के मामले में पुलिस की जांच पूरी हो गई है। रिपोर्ट के आधार पर संबंधित के खिलाफ कार्रवाई होगी। आकांक्षी ब्लॉक में कर रहे हैं ड्यूटी : 10 लाख रुपये की दवा एक्सपायर करने के मामले में पूर्व सीएचसी अधीक्षक डॉ. सुमन सिंह चौहान व फार्मासिस्ट शिवपूजन के खिलाफ तुलसीपुर थाने में एफआईआर दर्ज कराई गई थी। सीएचसी अधीक्षक डॉ. विकल्प मिश्र ने दोनों के खिलाफ नामजद एफआईआर दर्ज कराई थी। डॉ. सुमन सिंह चौहान इस समय सीएचसी श्रीदत्तगंज में चिकित्साधिकारी के रूप में तैनात हैं। पुलिस जांच पूरी होने के बाद अब उनकी मुश्किलें बढ़ेंगी।