जरवा। क्षेत्र के ग्राम बनगाई रनियापुर गांव में मंगलवार रात तीन अलग-अलग घरों के पास संदिग्धों के होने का शोर रात में मचा। चोरी की आशंका से लोग पूरी रात जागते रहे।
गांव निवासी राधेश्याम ने बताया कि शाम सात बजे माता-पिता को तीर्थ यात्रा के लिए बस में बैठाने गए थे। तभी घर से पत्नी का फोन आया कि कोई काले कपड़ों में घर के पीछे से अंदर घुस आया है। वह भागकर पहुंचे तो शोर सुनकर अज्ञात व्यक्ति छत के रास्ते खेतों की ओर कूदकर भाग निकला। खेतों में पैरों के निशान भी मिले। करीब एक घंटे बाद गांव के ननके यादव ने शोर मचाया। ग्रामीणों बताया कि दो संदिग्ध घर में घुसने की फिराक में थे जब उन लोगों ने घेरा पीछे की दीवार के पास से भाग निकले। लोग पीछे दौड़े लेकिन पकड़ नहीं पाए।
इसके बाद रात करीब साढ़े नौ बजे सुनील के घर के आसपास भी संदिग्ध गतिविधि हुई। प्रधान प्रतिनिधि अटल बिहारी यादव ने बताया कि ग्रामीणों ने सूचना मिलते ही चौकी बघेलखंड और कोतवाली जरवा को अवगत कराया। प्रभारी निरीक्षक राकेश पाल ने बताया कि बघेलखंड चौकी प्रभारी जितेंद्र बहादुर टीम के साथ मौके पर गए थे। कोई संदिग्ध नहीं मिला और न ही किसी प्रकार की चोरी की घटना घटी है। उन्होंने अफवाह न फैलाने और सतर्क रहने की अपील की है।