बलरामपुर। अयोध्या में भव्य श्रीराम मंदिर निर्माण के लिए निधि समर्पण अभियान का शुभारंभ जिले में शुक्रवार को भारी उत्साह के बीच किया गया। जनप्रतिनिधियों तथा भाजपा पदाधिकारियों ने एक-एक लाख रुपये चंदा देकर अभियान की शुरूआत की। रेहरा बाजार में भाजपाइयों ने रैली निकालकर लोगों से चंदा लिया और जागरूक किया। गैसड़ी बाजार में विश्व हिंदू परिषद ने निधि समर्पण कार्यालय का उद्घाटन किया।
बलरामपुर के रमनापार्क स्थित आरएसएस के माधव भवन में शुक्रवार को निधि समर्पण अभियान समारोह का आयोजन किया गया।
इस दौरान सदर विधायक पल्टूराम, उतरौला विधायक राम प्रताप वर्मा, भाजपा जिलाध्यक्ष प्रदीप सिंह, जिला महामंत्री रवि कुमार मिश्रा, सर संघ संचालक सौम्य अग्रवाल, भाजपा नेत्री मंजू तिवारी तथा समाजसेवी ललिता सिंह ने मंदिर निर्माण के लिए एक-एक लाख रुपये के चेक दिए। समारोह में लोगों से मंदिर निर्माण में अधिक से अधिक सहयोग करने की अपील की गई। वहीं हनुमानगढ़ी मंदिर वीर विनय चौक के महंत महेंद्र दास, श्रीराम जन्मभूमि मामले में मुख्य पक्षकार रहे राजेंद्र सिंह, अभियान प्रमुख विहिप जिलाध्यक्ष सुबीर श्रीवास्तव ने लोगों से हर संभव सहयोग की अपील की।
मौके पर नीलमणि शुक्ला, जिला प्रचारक अनिल सिंह, जिला कार्यवाह किरीटमणि, भाजपा जिला उपाध्यक्ष डॉ. अजय सिंह पिंकू, वरुण सिंह मोनू, बृजेंद्र तिवारी, डीपी सिंह, डॉ. सतीश सिंह, कृष्ण गोपाल गुप्ता, डॉ. तुलशीश दूबे, अपूर्व सिंह, राघवेंद्र कांत सिंह व झूमा सिंह सहित तमाम हिंदूवादी संगठनों के लोग मौजूद रहे। अवध प्रांत प्रचारक गंगा सिंह ने बताया कि यह अभियान 27 फरवरी तक चलेगा। अभियान के लिए टीमों का गठन किया गया है। टीमें घर-घर जाकर समर्पण धनराशि इकट्ठा करेंगी। रेहरा बाजार में भाजपा नेता हरिवंश सिंह, भारत नरेश सिंह, अरविंद मिश्रा, ओम प्रकाश, डॉ. रामानंद व अखंड प्रताप सिंह आदि ने हनुमानगढ़ी से निधि संग्रह के लिए रैली निकाली।
सभी ने पुरानी बाजार, रेंजरी रोड, अधीनपुर, रेहरा तथा महतिनिया आदि गांवों में लोगों को समर्पण निधि की जानकारी दी। हरिवंश सिंह तथा डॉ. घनश्याम सिंह ने 5100-5100 रुपये निधि में दान किया। गैसड़ी बाजार में विश्व हिंदू परिषद के पूर्व जिला मंत्री दीपक जायसवाल ने निधि समर्पण कार्यालय का उद्घाटन पूजन व आरती के साथ किया। इस अवसर पर लोगों से निधि में स्वेच्छा से दान देने की अपील की गई। मौके पर अजय सैनी, विजय गुप्ता, परमजीत सिंह, हरिश्चंद्र गुप्ता, सुरेश गुप्ता व प्रिंस वर्मा सहित तमाम लोग मौजूद रहे।