बलरामपुर। भीषण गर्मी में शहर की एक लाख की आबादी बार-बार की ट्रिपिंग से परेशान है। बिजली आपूर्ति व्यवस्था में सुधार न होने पर लोगों ने आंदोलन की चेतावनी दी है। सभी 25 वार्डों में लोकल फाल्ट के नाम पर कटौती की जा रही है। इससे आक्रोशित लोगोंं ने अधिशासी अभियंता अजय सिंह को ज्ञापन देकर समस्या का निराकरण कराने की मांग की है।
शहरवासी विशाल, मनोज, सुनील, संजय, रोहित, राहुल, दीपक, राकेश व पुनीत आदि ने अधिशासी अभियंता को ज्ञापन सौंपकर कहा है कि गर्मी में बिजली कटौती रुला रही है। रात में बार-बार कटौती होने से नींद नहीं पूरी हो पाती है।
शनिवार रात बलरामपुर शहर में 25 बार से अधिक कटौती की गई। रविवार को भी दिन में बार-बार कटौती होने से काफी दिक्कत हुई। मोहल्ला पहलवारा, श्याम विहार कॉलोनी, सिविल लाइन, अचलापुर, टेढ़ी बाजार, पूरब टोला, नई बाजार, बड़ा पुल, चौक, तुलसीपार्क, नई बस्ती, चिकनी, निबकौनी, भगवतीगंज व विशुनीपुर सहित सभी वार्डों में लगातार कटौती की गई जिससे लोगों में आक्रोश है।
जिला मुख्यालय पर 24 घंटे की आपूर्ति का शेड्यूल है लेकिन 16 घंटे भी बिजली नहीं मिल पा रही है। अधिशासी अभियंता अजय सिंह ने बताया कि कटौती पर अंकुश लगाने के लिए एई व जेई को निर्देश दिया गया है। इसमें कमी मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।