बलरामपुर। कोरोना काल से पहले गोरखपुर-डालीगंज वाया बढ़नी होकर पैसेंजर ट्रेन संचालित हो रही थी, जिसे बंद कर दिया गया। ट्रेन का संचालन बंद होने से जिले के लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। व्यापार मंडल के पदाधिकारियों ने फिर से ट्रेन संचालन की मांग उठाई है।
व्यापार मंडल के जिलाध्यक्ष रमेश पाहवा व महामंत्री विजय अग्रवाल, नगर अध्यक्ष संजय शर्मा, युवा अध्यक्ष राजन जायसवाल व विनोद आदि ने रेलवे के उच्चाधिकारियों को भेजे गए पत्र में कहा है कि काेरोना काल से बलरामपुर से होकर गोरखपुर-डालीगंज वाया बढ़नी पैसेंजर ट्रेन का संचालन होता था, जिसका संचालन काफी दिनों से बंद है। जिले के व्यापारियों को लखनऊ, गोंडा, बाराबंकी, बढ़नी, सिद्धार्थनगर, शोहरतगढ़ व गोरखपुर तक आवागमन करने में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। ट्रेन का फिर से संचालन होने से जिले के लोगों की समस्याएं दूर होंगी।
पूर्वोत्तर रेलवे गोरखपुर के जनसंपर्क अधिकारी महेश गुप्त ने बताया कि ट्रेन संचालन के संबंध में व्यापार मंडल के पदाधिकारियों को महाप्रबंधक पूर्वोत्तर रेलवे गोरखपुर व मंडल रेल प्रबंधक पूर्वोत्तर रेलवे अशोक मार्ग हजरतगंज लखनऊ काे पत्र भेजना होगा, तभी उनकी समस्या पर विचार किया जाएगा।