बलरामपुर। सोहेलवा वन्य जीव प्रभाग हसनपुर बीट के चैनपुर निश्चलपुर गांव में तेंदुए का आतंक छाया है। तीन दिनों के अंदर तेंदुआ चार मवेशियों को अपना निवाला बना चुका है। शनिवार रात भी तेंदुआ खूंटे से बंधी बकरी को उठा ले गया। तेंदुए के आतंक से ग्रामीण दहशत में हैं। ग्रामीणों की सूचना पर वन विभाग की टीम ने तेंदुए की तलाश शुरू कर दी है।
तुलसीपुर रेंज के चैनपुर निश्चलपुर गांव में तीन दिन पहले तेंदुआ ने बुधराम की गाय को निवाला बनाया था। इसके बाद शुक्रवार के तेंदुए ने मुन्नू प्रजापति की गाय पर हमला करके घायल कर दिया था। शनिवार की रात तेंदुआ मुहूरत अली उर्फ मल्ले के घर के अंदर बंधी बकरी को उठाकर भागने लगा। घर वालों ने शोर मचाना शुरू कर दिया। करीब 100 मीटर दूर जाकर तेंदुए ने बकरी को छोड़ दिया। इसके बाद ग्रामीणों के शोर मचाने पर भाग रहा तेंदुआ बरसाती की बकरी को खूंटा सहित उठा ले गया।
ग्राम प्रधान अरशद खान, वसीउल्लाह, तौफीक, राम कुमार, धनीराम, अजीम, शाहिद व अशद आदि ने बताया कि पिछले पांच दिनों से तेंदुआ गांव के आसपास घूम रहा है। बिजली न रहने पर अंधेरे का लाभ उठाकर तेंदुआ मवेशियों पर हमला कर रहा है। इन लोगों ने विभागीय उच्चाधिकारियों को सूचना देकर तेंदुए को पकड़वाए जाने की मांग की है। क्षेत्रीय वनाधिकारी अमरजीत प्रसाद ने बताया कि वन कर्मी भेजकर तेंदुए की तलाश करई जा रही है। ग्रामीणों को सतर्क रहने तथा रात में अकेले घर से बाहर न निकलने का सुझाव दिया गया है।