बलरामपुर। सोहेलवा वन्य जीव प्रभाग तुलसीपुर रेंज के ग्राम हलौरा में शनिवार की सुबह करीब 9 बजे अफरा तफरी मच गई, जब ग्रामीणों के सामने एक घर के बाहर बंधी बकरी को तेंदुआ उठा ले गया। हालांकि ग्रामीणों ने तेंदुए को देखकर शोर मचाया लेकिन, तब तक तेंदुआ बकरी लेकर भाग गया। इससे ग्रामीण में दहशत हैं।
पशु पालक जव्वाद अहमद ने बताया कि शनिवार की सुबह चिन्नू, सलाहू, सोनू सड़क किनारे खड़े होकर बात कर रहे थे, तभी बदलपुर मोड़ की ओर से तेजी से दौड़ता हुआ तेंदुआ आया। वहां जब तक कोई कुछ समझ पाता, तब तक तेंदुआ जव्वाद के घर के बाहर बंधी बकरी पर हमला बोल दिया। इस बीच ग्रामीण शोर मचाने लगे, लेकिन तब तक तेंदुआ बकरी लेकर घर के पीछे गन्ने के खेत में भाग गया। ग्रामीण भी दौड़े लेकिन, तेंदुआ गन्ने के खेत को पार कर गांव के पास वाले नाले में कहीं छुप गया। एसडीओ मनोज कुमार ने कहा कि सूचना मिली है, मौके पर क्षेत्रीय वनाधिकारी अमरजीत प्रसाद और वन कर्मियों को भेजा गया है।