पेहर बाजार (बलरामपुर)। पंजाब नेशनल बैंक बंद होने की अफवाह से ग्राहकों में दहशत व्याप्त है। पेहर बाजार मेहाली स्थित बैंक शाखा के सामने पैसा निकालने के लिए ग्राहकों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। ग्राहकों को समझाने के लिए बैंक प्रबंधक को काफी मशक्कत करनी पड़ी।
बैंक के सामने लाइन में खड़े जाफराबाद निवासी रमजान, सदरुन्निशा व शिया खातून आदि ने बताया कि गांव में यह अफवाह फैली है कि बैंक बंद हो रहा है। इसी डर से हम बैंक प्रबंधक से यह जानने आए हैं कि वास्तव में बैंक बंद हो रहा है। अफवाह का यह असर रहा कि देखते ही देखते गुरुवार को बैंक के सामने ग्राहकों की लंबी कतार लग गई।
बैंक के अफसरों व कर्मियों को भी ग्राहकों को समझाने में काफी मशक्कत करनी पड़ी। रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया ने पंजाब एंड महाराष्ट्र कोआपरेटिव बैंक पर कई पाबंदियां लगा दी हैं जिसकी वजह से अफवाह फैली है कि पंजाब नेशनल बैंक बंद होने जा रहा है। बैंक प्रबंधक दीपक कुमार ने ग्राहकों को समझाते हुए कहा कि पंजाब नेशनल बैंक देश का दूसरा सबसे बड़ा बैंक है। दोनों बैंकों के नाम में थोड़ी समानता के कारण अफवाह फैली है। इस अफवाह पर ग्राहक ध्यान न दें। पंजाब नेशनल बैंक सुचारु रूप से हमेशा संचालित रहेगा।