बलरामपुर। त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव की तैयारियां अब थम सी गईं हैं। अंतिम मतदाता सूची के प्रकाशन की तिथि अब 10 जून को प्रकाशित होगी। इस पर सभी की निगाहें टिकी हैं। पहले सूची 22 अप्रैल को जारी होनी थी, लेकिन डुप्लीकेट मतदाताओं की दोबारा जांच, सूची के कंप्यूटरीकरण, मतदान केंद्रों के पुन: क्रमांकन और तकनीकी सत्यापन के कारण तिथि बढ़ा दी गई।
जिले की 793 पंचायतों की मतदाता सूची की पड़ताल शुरू हो गई है। यह लगातार पांचवीं बार है जब अंतिम मतदाता सूची की तिथि आगे बढ़ाई गई है। इससे साफ संकेत मिल रहे हैं कि पंचायत चुनाव तय समय से आगे खिसक सकते हैं। अब ब्लॉक स्तर पर सूची की दोबारा जांच शुरू कर दी गई है।
उपजिला निर्वाचन अधिकारी/ एडीएम ने बताया कि नए निर्देश के क्रम में 28 मई तक मतदाता सूची का कंप्यूटरीकरण, डुप्लीकेट नामों की पहचान और त्रुटि सुधार का काम होगा। इसके बाद 29 मई से 9 जून तक मतदान केंद्रों का क्रमांकन, वार्ड मैपिंग, मतदाता क्रमांक आवंटन और अंतिम तकनीकी परीक्षण होगा। इसके बाद 10 जून को अंतिम सूची प्रकाशित की जाएगी।