फोटो-30-बलरामपुर के बाढ़ खंड परिसर में धरना प्रदर्शन करते इंजीनियर ।-संवाद
बलरामपुर। सिंचाई विभाग में जूनियर इंजीनियर की पिटाई के विरोध में सोमवार को बाढ़ खंड परिसर में सिविल डिप्लोमा इंजीनियर्स संघ ने प्रदर्शन किया। इंजीनियरों और कर्मचारियों ने एकत्र होकर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।
मंडल अध्यक्ष इंजीनियर हंसराज ने कहा कि 24 अप्रैल को दोपहर करीब 1:15 बजे बाढ़ खंड कार्यालय में जूनियर इंजीनियर अरुण कुमार की अधिशासी अभियंता कक्ष में ही कुछ कर्मचारियों ने पिटाई कर दी। विभाग के ही प्रारूपकार राजेश कुमार, वरिष्ठ सहायक विकास माथुर, अनिल कुमार मिश्रा व कनिष्ठ सहायक शैलेंद्र बहादुर सिंह पर आरोप है कि इन लोगों ने अन्य साथियों के साथ मिलकर पिटाई की है। जिलाध्यक्ष इंजीनियर शिवपाल यादव ने कहा कि घटना के 72 घंटे से अधिक समय बीत जाने के बावजूद अब तक आरोपियों पर कोई विभागीय या अनुशासनात्मक कार्रवाई नहीं की गई है। धरने को उपमहासचिव इंजीनियर सुनील, बहराइच के जिलाध्यक्ष इंजीनियर जितेन्द्र, सचिव इंजीनियर धर्मेंद्र दूबे, गोंडा जिलाध्यक्ष इंजीनियर गुरु प्रकाश संत, मंडल वित्त सचिव इंजीनियर अलीम अंसारी व उपाध्यक्ष इंजीनियर विमलेश कुमार आदि ने भी संबोधित किया। संघ ने चेतावनी दी है कि यदि दोषियों के खिलाफ शीघ्र कार्रवाई नहीं की गई तो पूरे मंडल के जूनियर इंजीनियर कार्य बहिष्कार करेंगे।