बलरामपुर। सदर ब्लॉक की ग्राम पंचायतों में कार्यरत पंचायत सहायकों ने सरकारी कामकाज के लिए स्मार्ट फोन मुहैया कराए जाने की मांग की है। इस संबंध में सदर ब्लॉक कार्यालय में एकत्रित पंचायत सहायकों ने एडीओ पंचायत को एक ज्ञापन भी सौंपा है।
पंचायत सहायक संघ के ब्लॉक अध्यक्ष कन्हैया जायसवाल, अनिल कुमार, मोहम्मद मकसूदुल हसन, मंशा देवी, पूनम व प्रमोद पासवान इत्यादि ने बताया कि पंचायत सहायकों से ग्राम पंचायतों का सभी कार्य कराया जा रहा है। इनमें शौचालयों का सर्वे, गोल्डन कार्ड, आय, जाति व निवास प्रमाण आदि का कार्य ऑनलाइन स्तर पर करना होता है। इतना ही नहीं ऑनलाइन हाजिरी के लिए भी स्मार्ट मोबाइल जरूरी होता है। ऐसे में पंचायत सहायकों के पास स्मार्ट फोन न होने से सरकारी कामकाज प्रभावित हो रहा है।
ज्ञापन में मांग की गई कि सरकारी कामकाज में गति लाने के लिए पंचायत सहायकों को स्मार्ट फोन मुहैया कराया जाएं। साथ ही सभी पंचायत सहायकों को प्रतिमाह मोबाइल रिचार्ज के लिए उचित धनराशि भी उपलब्ध कराई जाए।