बलरामपुर। जिले की 40 जिला पंचायत सदस्य सीट के लिए चार कमरों में दावेदारों से पर्चे भरवाए जाएंगे। कलेक्ट्रेट में इसके लिए कमरों को तैयार किया जा रहा है। उप जिला निर्वाचन अधिकारी/एडीएम वित्त एवं राजस्व अरुण कुुमार शुक्ल व एएसपी अरविंद मिश्र ने निरीक्षण कर कर्मचारियों को नामांकन कक्ष तैयार कराने का निर्देश दिया।
एडीएम ने कहा कि जिले में 40 सीटों पर जिला पंचायत सदस्य के लिए 13 अप्रैल से नामांकन पत्रों को भरने की प्रक्रिया शुरू हो जाएगी। इसके लिए कलेक्ट्रेट में चार कक्ष तैयार कराए जा रहे है। प्रत्येक कक्ष में 10-10 सीटों के लिए उम्मीदवारों से पर्चे भरवाए जाएंगे। नामांकन पत्रों को भरवाने के साथ-साथ इन्हीं कक्षों में जांच, नाम वापसी व प्रतीक आवंटन का कार्य भी पूरा कराया जाएगा। कोरोना प्रोटोकाल का पालन कराने के लिए कलेक्ट्रेट में भीड़भाड़ न जुटे इसके लिए चारों कमरों में बैरीकेटिंग कराई जा रही है।
जिला पंचायत सदस्य सीट पर चुनाव लड़ने वाले सभी उम्मीदवारों को कोरोना प्रोटोकाल का पालन करने के साथ-साथ आदर्श चुनाव आचार संहिता का भी अनुपालन करना अनिवार्य होगा। एक प्रत्याशी के साथ सिर्फ एक समर्थक नामांकन कक्ष तक जा सकेगा। भीड़भाड़ जुटाने वालों के खिलाफ कोरोना प्रोटोकाल के साथ आदर्श चुनाव आचार संहिता के उल्लंघन के आरोप में कार्रवाई की जाएगी।
एडीएम ने सभी कर्मचारियों को बैरीकेटिंग की व्यवस्था चुस्त दुरुस्त बनाने का निर्देश दिया। मौके पर मौजूद सीओ सिटी वरुण मिश्र की निगरानी में बैरीकेटिंग कराई गई है। सुरक्षा व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम किए गए है। इसी तरह से जिले के सभी 9 ब्लॉकों पर भी 101 न्याय पंचायतवार नामांकन कक्ष तैयार किए जाएंगे। ब्लॉकों पर ग्राम पंचायत सदस्य, ग्राम प्रधान व क्षेत्र पंचायत सदस्य सीटों के लिए न्याय पंचायतवार नामांकन पत्रों का उम्मीदवार दाखिला कर सकेंगे और इन्हीं स्थलों पर प्रतीक आवंटन तक सभी प्रक्रिया पूरी कराई जाएगी।