बलरामपुर। नए शिक्षा चयन आयोग अधिनियम को वापस लेने व पुरानी पेंशन व्यवस्था बहाल किए जाने की मांग को लेकर शिक्षकों ने सोमवार को विरोध जताने के लिए पदयात्रा निकाली। पदयात्रा की समाप्ति पर नाराज शिक्षकों ने अपनी मांगों के समर्थन में नारेबाजी के बाद पीएम व सीएम को संबोधित ज्ञापन भी मौजूद प्रशासनिक अधिकारी को सौंपा।
विरोध प्रदर्शन में मा्ैजूद उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षक संघ के जिला संयोजक अजय कुमार ने कहा कि अगर शीघ्र सरकार ने उनकी न्यायोचित मांगें न मानी तो वह आर-पार की लड़ाई को विवश होंगे। कहा कि नया चयन आयोग शिक्षकों व बेरोजगार युवाओं दोनों के हित में नहीं है। जिला सह संयोजक सुरेश कुमार यादव ने कहा कि अधिकांश जिलों में एनपीएस के घोटाले शुरु हो गए हैं। सरकार इसको तत्काल बंद करे। चेताया कि यदि शिक्षा व्यवस्था पर निजीकरण हुआ तो गरीब बच्चे शिक्षा से वंचित रह जाएंगे।
प्रदर्शन के बाद शिक्षकों ने मुख्यमंत्री व प्रधानमंत्री को संबोधित ज्ञापन भी अपर एसडीएम को सौंपा। इस मौके पर डॉ. दीपक साहू, राज कुमार, मदनलाल, विष्णु प्रताप सैनी, ज्ञान प्रकाश व एजाज अहमद सहित अन्य पदाधिकारी व शिक्षक मौजूद रहे।