बलरामपुर l नगर निकायों के 601 आउटसोर्स कर्मियों का डाटा अब ई- वेतन पोर्टल पर अपडेट होगा। निदेशालय ने डाटा अपलोड करने के साथ ही सभी कर्मियों का डाटा अपलोड़ होने का प्रमाण पत्र भी मांगा है। जिले की दो नगर पालिका परिषद व तीन नगर पंचायतों में डाटा फीडिंग का कार्य पूरा भी हो चुका है।
जिले के नगर पालिका बलरामपुर, नगर पालिका उतरौला, नगर पंचायत तुलसीपुर, नगर पंचायत गैसडी व नगर पंचायत पचपेड़वा में सफाई, बिजली, पेय जलापूर्ति, राजस्व वसूली, ड्राईवर व कार्यालय में रखे गए आउटसोर्स कर्मचारियों का पूरा डाटा नगर निकाय निदेशालय के वेतन पोर्टल पर फीड होना है। इसमें कर्मचारियों की शैक्षिक योग्यता, उनका आधार बैंक अकाउंट, पैन कार्ड व फोटो अपलोड़ किया जा रहा है। नगर पालिका बलरामपुर में 268, नगर पालिका उतरौला 83, नगर पंचायत तुलसीपुर 114, नगर पंचायत गैसड़ी 74, नगर पंचायत पचपेड़वा 62 कर्मियों की फीडिंग का कार्य हो रहा है। निदेशक नगरीय निकाय डा. नितिन बसंल ने सभी निकायों को जल्द से जल्द कार्य पूरा कर रिपोर्ट भेजने का निर्देश दिया है।