Outrage over the arrest of Congress state president
- फोटो : BALRAMPUR
बलरामपुर। कांग्रेस पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू की गिरफ्तारी को लेकर भारी आक्रोश है। कांग्रेस पार्टी की तरफ से राज्यपाल को ज्ञापन भेजकर विरोध जताया गया है। कांग्रेस पार्टी की जिला कार्यकारिणी की तरफ से प्रदेश अध्यक्ष के तत्काल रिहाई कराने की मांग की गई है। कार्यक्रम के दौरान सोशल डिस्टेंसिंग का कांग्रेसियों ने पूरा ख्याल रखा।
जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष अनुज कुमार सिंह, प्रदेश अध्यक्ष युवा कांग्रेस उत्तर प्रदेश मध्य दीपांकर सिंह, जिलाध्यक्ष युवा कांग्रेस रूपेंद्र कुमार त्रिपाठी, प्रतीक मिश्र, राम कुमार गुप्ता, हनीफ मास्टर, दीपक मिश्र, शाहिद हसन टीपू, आफताब अहमद व अंकित श्रीवास्तव आदि ने बुधवार को राज्यपाल को भेजे गए ज्ञापन में कहा है कि कोरोना महामारी से पूरा देश प्रभावित है। इस दौरान भी केंद्र व प्रदेश की भाजपा सरकार राजनीति करने से बाज नहीं आ रही है।
लॉकडाउन से लाखों प्रवासी मजदूर, किसान, असंगठित क्षेत्र में काम करने वाले, लघु उद्योग, मछुवारे व दिहाड़ी मजदूर काफी परेशान हैं। दो माह से खाने, पीने, नौकरी व अन्य आवश्यक वस्तुओं के अभाव में संघर्ष कर रहे है। लाखों प्रवासी श्रमिकों व कामगारों को अपने घर और गांव सुरक्षित लौटने की मार्मिक तस्वीरे व वीडियो देश की आत्मा को आहत कर रही है। सैकड़ों किलोमीटर पैदल चलकर लोग घर आ रहे हैं जबकि सरकार की तरफ से परिवहन सुविधा उपलब्ध नहीं कराई जा रही है।
प्रवासियों श्रमिकों को घर तक पहुंचाने के लिए कांग्रेस पार्टी की तरफ से एक हजार बस चलाने का निर्णय लिया था जिसे प्रदेश सरकार ने राजनीति करके पानी फेर दिया है। कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष को गिरफ्तार कर जेल में बंद कर दिया गया है। प्रदेश के जिला व शहर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्षों और नेताओं पर फर्जी मुकदमे लगाए जा रहे हैं। इस दौरान इन लोगों ने सोशल डिस्टेंसिंग का अनुपालन करते हुए सिर में काली पट्टी बांधकर विरोध जताया। इसी तरह से जिले के सभी 9 ब्लॉकों में भी विरोध प्रदर्शन किया गया और राज्यपाल को ज्ञापन भेजा गया।