पचपेड़वा (बलरामपुर)। बैंक से बिना पैसा के बैरंग लौट रहे ग्राहकों ने सोमवार को आक्रोश जताया। लीड बैंक प्रबंधक को शिकायती पत्र भेजकर कैश उपलब्ध कराने की मांग की।
बैंक ग्राहक जितेंद्र कुमार, साकिरा बानो, मकसूद, इशरतजहां, शमशुल, निशा व परवीन बानो सहित तमाम लोगों ने आरोप लगाया कि उन्हें बैंक से कैश नहीं मिल पा रहा है। बैंक के अफसर व कर्मी पांच हजार से अधिक रुपये नहीं दे रहे हैं। जरूरत पड़ने पर बैंक ग्राहकों को पैसे के अभाव में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। घर के मरीजों का इलाज कराने एवं अन्य कार्यों में कर्ज लेना पड़ रहा है।
बैंक अफसरों व कर्मियों के खिलाफ ग्राहकों में आक्रोश बढ़ता जा रहा है। ग्राहकों ने चेतावनी दी है कि यदि शीघ्र ही समस्या का निराकरण नहीं कराया गया तो उग्र आंदोलन किया जाएगा।
लीड बैंक प्रबंधक डॉ. एनआर विशनोई ने ग्राहकों की शिकायत को संज्ञान में लेते हुए बैंक के प्रबंधक को निर्देश दिया है कि सभी ग्राहकों को कैश मुहैया कराएं। ग्राहक जितने पैसे की डिमांड करें उनको उतरौला पैसा उपलब्ध कराया जाए। भविष्य में शिकायत मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।