बलरामपुर के देवीपाटन पुलिस चौकी में बरामद सामान के साथ मौजूद पुलिस।
- फोटो : BALRAMPUR
तुलसीपुर (बलरामपुर)। शक्तिपीठ देवीपाटन मंदिर परिसर में बेटी के शादी की गोदभराई रस्म पूरी करके घर चले गए परिजनों का गहनों से भरा बैग छूट गया। देवीपाटन पुलिस चौकी को गहनों से भरा लावारिस बैग मंदिर परिसर में मिला। बैग में परिजनों की शिनाख्त करने उन्हें बुलाया गया और गहनों से भरा बैग सुपुर्द कर दिया गया।
देवीपाटन पुलिस चौकी इंचार्ज राज किशोर वर्मा ने सोमवार को बताया कि शाम के समय मंदिर परिसर में लावारिश बैग पड़ा हुआ पाया गया। बैग की सावधानी से जांच-पड़ताल की गई। बैग में महिलाओं के जेवर, कपड़े व कागजात पाए गए। पुलिस ने कागजों से जानकारी लेकर बैग के स्वामी को सूचना भेजी।
सूचना पाकर मौके पर पहुंचे परिजन सिद्धार्थनगर जनपद के ककरहवा निवासी दीपक मोदनवाल ने बताया कि उनका परिवार बीते दिन देवीपाटन मंदिर में बहन की गोदभराई रस्म पूरी कराने के लिए आया था। गोदभराई रस्म पूरी होने के बाद लोग जल्दी-जल्दी घर चले गए। इसी बीच बहन की शादी के जेवर व कपड़ों से भरा बैग मंदिर परिसर में ही छूट गया।
घर पहुंचने पर पता चला लेकिन हम सब परेशान थे। इसी बीच चौकी इंचार्ज राज किशोर ने फोन करके सूचना दी। चौकी इंचार्ज से बातचीत के बाद जांच प्रक्रिया पूरी हो गई और जेवर, कपड़ों व कागजों से भरा बैग परिजनों को सौंपा दिया गया।