फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Balrampur News: बंद रही ओपीडी, इलाज को भटके मरीज

Sat, 02 Nov 2024 11:17 PM IST
लखनऊ ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, बलरामपुर
विज्ञापन
बलरामपुर के जिला मेमोरियल अस्पताल में बंद चिकित्सक का कक्ष।-संवाद
विज्ञापन
बलरामपुर। दीपावली पर भले ही चिकित्सक व स्वास्थ्य कर्मियों की छुट्टी रद्द कर दी गई हो, लेकिन जिले में इसका असर नहीं दिखा। शनिवार को जिला मेमोरियल अस्पताल की ओपीडी नहीं खुली। तीन दिनों से अस्पताल बंद होने के कारण शनिवार को मरीज इलाज के लिए पहुंचे। ओपीडी में चिकित्सकों का कमरा बंद देखकर मरीज निराश होकर लौट गए।
विज्ञापन

दीपावली पर्व पर शासन स्तर से चिकित्सक व स्वास्थ्य कर्मियों की छुट्टी निरस्त कर दी गई थी। वहीं जिला मेमोरियल अस्पताल में शनिवार को भी चिकित्सक व स्वास्थ्य कर्मियों ने अवकाश मनाया। शनिवार को सुबह 11.13 बजे हड्डी रोग विशेषज्ञ डॉ. पंकज वर्मा व डॉ. उमेश कुशवाहा का कक्ष बंद था। एक पर्चा काउंटर भी बंद था। एक काउंटर से इमरजेंसी में दिखाने के लिए पर्चा बनाया जा रहा था। सुबह 11.14 बजे सर्जरी ओपीडी का कक्ष तथा 11.19 बजे जनरल फिजीशियन डॉ. अजय कुमार पांडेय का कक्ष भी बंद मिला। शनिवार को ओपीडी न खुलने से मरीजों को परेशान होना पड़ा। मंडल मुख्यालय गोंडा के जिला अस्पताल में शनिवार को ओपीडी में मरीजों का इलाज किया गया, वहीं जिला मेमोरियल अस्पताल में शाही फरमान जारी करके चिकित्सक व स्वास्थ्य कर्मियों को अवकाश दे दिया गया।
प्राइवेट चिकित्सक से कराएंगे इलाज
नगर के सिविल लाइन निवासी संतोष ने बताया कि उनके भाई के हाथ में दर्द हो रहा है, हड्डी रोग चिकित्सक को दिखाने आए थे, लेकिन कमरा बंद है। पहलवारा निवासी अफरोज ने बताया कि उनके बेटे के कान में दर्द है, ईएनटी सर्जन का कमरा बंद है। अब बाहर निजी चिकित्सक से दवा लेंगे।
विज्ञापन
विज्ञापन

उच्चाधिकारियों के निर्देश पर बंद रही ओपीडी
गोवर्धन पूजन व भैया दूज के कारण शनिवार को ओपीडी बंद थी। उच्चाधिकारियों के निर्देश पर चिकित्सक व स्वास्थ्य कर्मी अवकाश पर रहे।
डॉ. शारदा रंजन, सीएमएस जिला मेमोरियल अस्पताल
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें