पचपेड़वा (बलरामपुर)। पचपेड़वा चौकी मजगवा के नेशनल हाईवे पर एसएसबी कैंप व त्रिलोकपुर तिराहा के बीच मार्ग दुर्घटना में एक बाइक सवार की मौत हो गई। दो अन्य घायल हो गए।
मजगवा चौकी प्रभारी धर्मराज यादव ने मंगलवार को बताया कि बाइक से तीन लोग बढ़नी की तरफ से पचपेड़वा आ रहे थे। चार पहिया वाहन को ओवरटेक करते समय बाइक अचानक लड़खड़ा गई और तीनों पुल से टकरा गए। सभी घायलों को एंबुलेंस से सीएचसी पचपेड़वा लाया गया।
अधीक्षक डॉ. मिथिलेश कुमार ने पचपेड़वा थाना क्षेत्र के बरगदवा सैफ निवासी जुबेर अहमद (38) को मृत घोषित कर दिया। घटना में घायल बरगदवा सैफ निवासी सिराजुद्दीन उर्फ कुन्नू (30) व त्रिलोकपुर थाना फूलपुर निवासी आसिफ (28) का प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया गया। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। मामले की छानबीन की जा रही है।