बलरामपुर। कोरोना संक्रमण दिन प्रतिदिन बढ़ता जा रहा है। मंगलवार को जिले के लेवल-2 हॉस्पिटल में भर्ती एक कोरोना मरीज की मौत हो गई है। जिले में 89 लोग कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं। पॉजिटिव पाए गए व्यक्तियों को होम आइसोलेशन में रखा गया है।
सीएमओ डॉ. विजय बहादुर सिंह ने बताया कि बलरामपुर के ग्राम देवरवा निवासी बाघे लाल (60) को बुखार व खांसी की शिकायत पर 21 अप्रैल को जिला संयुक्त चिकित्सालय के लेवल-2 हास्पिटल में भर्ती किया गया था।
यह दिल की बीमारी से भी ग्रसित थे। लेवल-2 हास्पिटल में इलाज के दौरान 26 अप्रैल को देर रात उनकी मौत हो गई। जिला सूचना कार्यालय से मिली जानकारी के अनुसार मंगलवार को आई कोरोना रिपोर्ट में 89 लोग पॉजिटिव पाए गए हैं। पॉजिटिव पाए गए लोगों में सबसे अधिक गैसड़ी के माधवनगर में 9, गोठवा में 8 व हरैया सतघरवा ब्लाक के ग्राम केरवनिया में 6 लोग शामिल हैं।
इसके अतिरिक्त बलरामपुर नगर व ग्रामीण क्षेत्र, तुलसीपुर, गैसड़ी, पचपेड़वा, हरैया सतघरवा, उतरौला, गैड़ास बुजुर्ग व रेहरा बाजार ब्लाक के गांवों में भी तमाम लोग पॉजिटिव मिले हैं।
पॉजिटिव पाए गए लोगों को होम आइसोलेशन में रखा गया है। इन लोगों की निगरानी स्वास्थ्य विभाग की तरफ से लगातार की जा रही है। पॉजिटिव पाए गए लोगों के कांटेक्ट की तलाश शुरु कर दी गई है। इन लोगों के संपर्क में आए लोगों का सैंपल भी जांच के लिए भेजा जाएगा।
जिले में कुल पॉजिटिव केस की संख्या 4676 हो गई है। 3069 लोग स्वस्थ होकर घर जा चुके हैं। 58 लोगों की मौत हो चुकी है। जिले में कोरोना के एक्टिव केस 1549 हैं।