बलरामपुर। कोविड प्रोटोकॉल का पालन न करने के कारण जिले में संक्रमण की रफ्तार बढ़ती जा रही है। रविवार को लेवल-2 हॉस्पिटल में भर्ती एक कोरोना मरीज की मौत हुई है।
जिले में सात कैदियों सहित 126 लोगों की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव पाई गई है। पॉजिटिव पाए गए व्यक्तियों को होम आइसोलेशन में रखा गया है। सभी लोगों के कांटेक्ट की तलाश शुरू कर दी गई है।
सीएमओ डॉ. विजय बहादुर सिंह ने बताया कि रेहरा बाजार की ग्राम महरीपुर निवासी रेनू सिंह (48) को बुखार, खांसी एवं सांस न ले पाने की शिकायत पर 30 अप्रैल को जिला संयुक्त चिकित्सालय लाया गया था।
कोविड रिपोर्ट पॉजिटिव होने पर उन्हें लेवल-2 हास्पिटल में भर्ती किया गया था। यहीं पर इलाज के दौरान एक मई को उनकी मौत हो गई। जिला सूचना कार्यालय से मिली जानकारी के अनुसार जिले में रविवार को आई कोरोना रिपोर्ट में जिला कारागार के सात कैदी सहित कुल 126 लोग पॉजिटिव पाए गए हैं।
पॉजिटिव पाए गए लोंगों में नगर क्षेत्र के मोहल्ला खलवा में चार, टेढ़ी बाजार, भगवतीगंज, नई बस्ती, सिटी पैलेस, कालीथान, तुलसीपार्क, मानसपुरी कालोनी, पहलावारा व सिविल लाइन में एक-एक लोग शामिल हैं।
इसके अतिरिक्त बलरामपुर ग्रामीण, तुलसीपुर, गैसड़ी, पचपेड़वा, हरैया सतघरवा, उतरौला, गैड़ास बुजुर्ग व रेहरा बाजार ब्लाक के गांवों में भी तमाम लोग पॉजिटिव मिले हैं। पॉजिटिव पाए गए लोगों को होम आइसोलेशन में रखा गया है। इन लोगों की निगरानी स्वास्थ्य विभाग की तरफ से लगातार की जा रही है।
पॉजिटिव पाए गए लोगों के कांटेक्ट की तलाश शुरू कर दी गई है। इन लोगों के संपर्क में आए सभी लोगों का सैंपल भी जांच के लिए भेजा जाएगा। जिले में कुल पॉजिटिव केस की संख्या 5363 हो गई है। 3805 लोग स्वस्थ होकर घर जा चुके हैं। 70 लोगों की मौत हो चुकी है। जिले में कोरोना के एक्टिव केस 1488 है।
कोरोना संक्रमण की बढ़ती हुई संख्या के बीच रविवार को जिले के लिए राहत देखने को मिली। जिले में इस दिन जहां 126 नए लोग कोरोना पॉजिटिव मिले हैं वहीं 204 मरीज स्वस्थ भी हुए हैं। इस दिन स्वस्थ होने वाले मरीजों की संख्या नए संक्रमित मरीजों से अधिक रही। जिले में अब तक कुल 3805 लोग कोरोना से जंग जीत चुके हैं।