बलरामपुर। जिले के सभी 9 ब्लॉकों में रविवार से पंचायत चुनाव के वोटों की मतगणना कार्य कराया जा रहा है। रविवार की शाम तक जिले भर में 122 प्रधानों व 86 बीडीसी के सिर पर जीत का सेहरा बंध गया।
जिला पंचायत सदस्य सीटों पर काउंटिंग जारी है जिसका रिजल्ट तीन मई की शाम तक मिलने की संभावना जताई जा रही है। रात भर काउंटिंग जारी रहेगी इसके लिए रात्रि 8 बजे से दूसरी शिफ्ट के मतगणना कार्मिकों को काउंटिंग में लगाया जाएगा।
जिला पंचायत सदस्य सीट के आरओ / पीडी अनिल कुमार सिंह ने बताया कि जिले में 40 जिला पंचायत सीटों पर चुनाव लड़ने वाले उम्मीदवारों की काउंटिंग प्रक्रिया जारी है। रविवार की शाम तक जिला पंचायत सदस्य सीट पर एक भी परिणाम घोषित नहीं हो सका है।
जिला पंचायत सदस्य सीट पर तीन अप्रैल की शाम तक चौथे शिफ्ट की काउंटिंग में रिजल्ट आने की संभावना है। सदर ब्लॉक के आरओ लाल बहादुर मौर्य ने बताया कि 17 न्याय पंचायतवार एमपीपी में मतगणना कराई जा रही है जिसमें ग्राम प्रधान के 12 सीटों पर विजयी उम्मीदवारों को प्रमाण पत्र प्रदान कर दिया गया है।
बीडीसी के चार उम्मीदवारों को चुनाव जीतने पर जीत का प्रमाण पत्र दिया गया है। बाकी सीटों पर मतगणना का कार्य जारी है। हरैया सतघरवा ब्लॉक के आरओ पवन कुमार सिंह ने बताया कि प्रधान पद पर 17 उम्मीदवार चुनाव जीत चुके है जिन्हें जीत का प्रमाण पत्र दे दिया गया है।
18 बीडीसी सदस्यों ने भी अपनी जीत दर्ज की है जिन्हें प्रमाण पत्र दे दिया गया है। तुलसीपुर ब्लॉक के एआरओ गोविंद राम ने बताया कि ग्राम प्रधान पद पर 12 व क्षेत्र पंचायत सदस्य पद पर 14 उम्मीदवार विजयी हुए है जिन्हें जीत का प्रमाण पत्र दिया गया है।
गैसड़ी ब्लॉक के आरओ आरएस कुशवाहा ने बताया कि ग्राम प्रधान पद पर 19 व बीडीसी पद पर 17 उम्मीदवार चुनाव जीत गए है जिन्हें प्रमाण पत्र दिया गया है। पचपेड़वा ब्लॉक के आरओ डॉ. संजीवनलाल ने बताया कि ग्राम प्रधान पद पर 21 व बीडीसी पद पर 8 उम्मीदवारों ने जीत दर्ज की है जिन्हें जीत का प्रमाण पत्र दिया गया है।
उतरौला ब्लॉक के आरओ रुपेश कुमार आनंद ने बताया कि 13 ग्राम प्रधान व चार क्षेत्र पंचायत सदस्य पद पर जीत दर्ज करने वालों को प्रमाण पत्र दिया जा चुका है। गैड़ास बुजुर्ग ब्लॉक के आरओ जय प्रकाश ओझा ने बताया कि छह ग्राम प्रधान व पांच क्षेत्र पंचायत सदस्य के विजयी उम्मीदवारों को जीत का प्रमाण पत्र दिया गया है।
रेहरा बाजार ब्लॉक के आरओ सत्येंद्र सिंह ग्राम प्रधान पद 15 व क्षेत्र पंचायत सदस्य पद पर 12 उम्मीदवार विजयी हुए जिन्हें प्रमाण पत्र दिया गया है। श्रीदत्तगंज ब्लॉक के आरओ सुरेंद्र कुमार ने बताया कि ग्राम प्रधान पद पर सात और क्षेत्र पंचायत सदस्य पद पर चार उम्मीदवार विजयी हुए है जिन्हें जीत का प्रमाण पत्र दिया गया है।
जिला निर्वाचन अधिकारी / डीएम श्रुति ने बताया कि शिफ्टवार मतगणना कार्मिकों से वोटों की काउंटिंग कराई जा रही है। राज्य निर्वाचन आयोग के निर्देश पर विजयी उम्मीदवारों को जीत का प्रमाण पत्र दिया जा रहा है।