हरैया सतघरवा (बलरामपुर)। प्रतिबंधित सोहेलवा वन क्षेत्र में हरे पेड़ों की अवैध कटान थमने का नाम नहीं ले रही है। बनकटवा रेंज के खैरमान दक्षिणी बीट में 21 बोटा खैर की लकड़ी लदी पिकअप सहित एक को धर दबोचा गया है।
दो आरोपी मौके से फरार होने में सफल रहे है। एसएसबी व वन विभाग की संयुक्त टीम ने धर पकड़ की कार्रवाई की है। पकड़े गए आरोपी के खिलाफ वन अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई है।
सोहेलवा वन्य जीव प्रभाग के बनकटवा रेंज के रेंजर राकेश कुमार सिंह ने बुधवार को बताया कि मुखबिर की सूचना एसएसबी 9वीं वाहिनी खंगरा नाका के जवानों व वन विभाग की संयुक्त टीम ने खैरमान दक्षिणी बीट से 21 बोटा जंगली खैर की लकड़ी से भरी पिकअप को दबोच लिया है।
खैर की लकड़ी से लदी पिकअप के साथ जनपद श्रावस्ती थाना सिरसिया के भितवरिया डोमई ग्राम निवासी रंगीलाल को गिरफ्तार किया गया है। दो अन्य आरोपी मौके से फरार हो गए है। पकड़े गए आरोपी के खिलाफ वन अधिनियम के तहत कार्रवाई कर जेल भेज दिया गया है। खैर की लकड़ी पिकअप को जब्त कर सीज कर दिया गया है।