बलरामपुर। हरैया सतघरवा थाना क्षेत्र में नेपाल सीमा के पास सोहेलवा जंगल से सटे बरहवा गांव में रविवार को अज्ञात कारणों से लगी आग में 80 वर्षीय वृद्धा जिंदा जल गई। अग्निकांड में फूस के 62 घर जलकर राख हो गए। दमकल टीम ने एसएसबी जवानों, पुलिस व ग्रामीणों की मदद से आग पर काबू पाया।
बरहवा निवासी फकीरे ने बताया कि रविवार दोपहर में उनकी घारी में अज्ञात कारणों से आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। तेज हवा चलने और आग बुझाने के लिए पानी की पर्याप्त व्यवस्था न होने से लपटें तेज होती गईं। इससे आसपास के दर्जनों घर व प्राथमिक स्कूल भी लपटों की चपेट में आ गए। जगन्नाथ की पत्नी कोयला (80) लपटों में फंस गईं। उनकी मौके पर ही मौत हो गई। सूचना पर पहुंची अग्निशमन टीम ने एसएसबी नौवीं वाहिनी के जवानों, पुलिसकर्मियों व ग्रामीणों की मदद से घंटों मशक्कत कर आग पर काबू पाया। मगर तब तक गांव के 62 लोगों के फूस के मकान जलकर राख हो गए।
बरहवा के प्राथमिक स्कूल के प्रधानाध्यापक संजय कुमार पांडेय ने बताया कि स्कूल के बर्तन, सोलर प्लेट, पानी की टंकी व अभिलेख जलकर राख हो गए हैं। सेतुराम की 40 हजार रुपये नकदी व जेवर जलने के साथ ही पांच बकरियां जलकर मर गईं।
सदर एसडीएम राजेंद्र बहादुर ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही तहसीलदार अखिलेश कुमार श्रीवास्तव ने प्रभावित गांव का भ्रमण कर नुकसान का जायजा लिया। पीड़ितों को शीघ्र मदद मुहैया कराई जाएगी।
इनके आशियाने हुए राख
फकीरे, हकीकुल, रामखेलावन, सीताराम, ननके, बाठे, बशीर, रामछबीले, ननकनी यादव, रामसिपाही, आशाराम, लल्लन प्रसाद, रामप्यारे, अलखराम, रामसुमिरन, नानबाबू, मथुरा प्रसाद, छेदीलाल, लालबाबू, रामकिशोर, रामनरेश, रामलखन, राजू, विश्राम, राधेश्याम, सलीम, मनीराम, रामकुमार, रामलौटन, मुबारक अली, बुधराम, बेकारू, खलील, वकील, मोहर्रम अली, त्रिभुवन दत्त, सालिकराम, आल्हाराम, साधूराम, पंचम, अर्जुन प्रसाद, बरसाती, लालता प्रसाद, विजय कुमार, रामकुमार, अवधबिहारी, रामपदारत व मालिकराम सहित 62 लोगों के फूस के मकान जले हैं। इन सभी लोगों की गृहस्थी का सारा सामान व अनाज आदि जल गया है।
एक घर जला, भैंस झुलसी
तुलसीपुर(बलरामपुर)। क्षेत्र के बिलोहा गांव निवासी राम फकीरे गौतम के घर में रविवार को अचानक आग लग गई। इससे गृहस्थी का सामान जलकर राख हो गया। ग्रामीणों ने आग पर काबू पाया।
21 बीघा गन्ना व गेहूं की फसल जली
गैसड़ी (बलरामपुर)। क्षेत्र के भदुई गांव के मजरा कन्हईडीह में रविवार दोपहर में लगी आग में 21 बीघा गन्ना व गेहूं की फसल जलकर राख हो गई। खेत के पास लगे कई हरे पेड़ भी झुलस गए। कन्हईडीह निवासी रक्षाराम, बाबादीन व राम अचल ने बताया कि धनीराम ने अपने खेत में पराली जलाई थी, इसी से रामअचल का तीन बीघा गेहूं व 12 से अधिक हरे पेड़, संजय पांडेय का 10 बीघा गन्ना एवं दिनेश पांडेय का आठ बीघा गेहूं जल गया। ग्रामीणों की मदद से पुलिस ने आग पर काबू पा लिया।