बलरामपुर। आईजीआरएस पर आने वाली शिकायतों का निस्तारण अधिकारी मनमाने तरीके से कर रहे हैं। इसका खुलासा डीएम की समीक्षा में हुआ है। गुणवत्तापूर्ण शिकायतों का निस्तारण न करने वाले 20 अधिकारियों से स्पष्टीकरण तलब किया गया है। डीएम पवन अग्रवाल ने इन अधिकारियों को तीन दिन के अंदर संतोषजनक जवाब न देने पर कार्रवाई की चेतावनी दी है।
डीएम ने दिसंबर माह में आईजीआरएस पोर्टल पर आई शिकायतों की समीक्षा की। समीक्षा में कई अधिकारियों द्वारा संदर्भों का गुणवत्तापूर्ण निस्तारण नहीं किया जाना पाया गया। उन्होंने गुणवत्तापूर्ण निस्तारण में लापरवाही बरतने बाल विकास परियोजना अधिकारी हरैया सतघरवा, तहसीलदार बलरामपुर, जिला पूर्ति अधिकारी, बाल विकास परियोजना अधिकारी रेहरा बाजार, अधिशासी अभियंता सिंचाई बलरामपुर खंड 3, औषधि निरीक्षक बलरामपुर, पूर्ति निरीक्षक तुलसीपुर, तहसीलदार तुलसीपुर, प्रभारी चिकित्साधिकारी तुलसीपुर से जवाब तलब किया है।
इनके साथ ही पचपेड़वा व श्रीदत्तगंज, खंड शिक्षा अधिकारी बलरामपुर व हरैया सतघरवा, बाल विकास परियोजना अधिकारी पचपेड़वा, श्रीदत्तगंज व उतरौला, सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक बलरामपुर, श्रम प्रवर्तन अधिकारी, क्षेत्रीय आयुर्वेदिक एवं यूनानी अधिकारी एवं अधिशासी अभियंता जल निगम नगरीय से भी स्पष्टीकरण तलब किया है। डीएम ने इन अधिकारियों को तीन दिन के अंदर स्पष्टीकरण प्रस्तुत करने का निर्देश दिया है। स्पष्टीकरण संतोषजनक न पाए जाने पर संबंधित के विरुद्ध कार्रवाई के लिए उच्च स्तर पर रिपोर्ट भेजने की चेतावनी दी है।