संदीप एवं धीरेंद्र की फाइल फोटो
- फोटो : संवाद
यूपी के बलरामपुर में उतरौला मार्ग पर बुधवार की रात तेज रफ्तार कार ने बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में बाइक पर सवार दो सगे भाइयों की मौत हो गई। आरोपी चालक कार लेकर भाग खड़ा हुआ। घटना स्थल के पास एक कार का टूटा हुआ नंबर प्लेट पड़ा मिला है। पुलिस घटना की जांच कर रही है।
मामला कोतवाली देहात क्षेत्र की ग्राम पंचायत हंसुआडोल के मजरे पाननकुइंया का है। गांव निवासी 32 वर्षीय संदीप व 27 वर्षीय धीरेंद्र शुक्ल बुधवार दोपहर को अपनी बहन के घर सकट पर्व का सामान देने श्रीदत्तगंज थाना क्षेत्र के कालिकाजोत गांव गए थे। रात में दोनों भाई बाइक से घर के लिए रवाना हुए।
सिर में गंभीर चोटें आईं
गोंदीपुर गांव के पास उतरौला की तरफ जा रही तेज रफ्तार कार ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में बाइक दूर जा गिरी। पक्की सड़क पर गिरने और हेलमेट न लगाने के कारण दोनों भाइयों के सिर में गंभीर चोटें आईं। वहीं कार चालक वाहन लेकर मौके से भाग गया। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर दोनों भाइयों को संयुक्त जिला चिकित्सालय पहुंचाया। जहां चिकित्सक ने दोनों को मृत घोषित कर दिया।
कार की तलाश में जुटी पुलिस
प्रभारी निरीक्षक नगर कोतवाली शैलेश कुमार सिंह ने बताया कि मृतक भाइयों की मां श्यामकली की तहरीर पर अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। घटना स्थल पर एक कार का टूटा हुआ नंबर प्लेट मिला है। मामले की छानबीन की जा रही है। देहात कोतवाली की पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया है।