बलरामपुर। कोतवाली व थानों में गड़बड़ी पाए जाने पर अफसरों और कर्मियों को बख्शा नहीं जाएगा। एसपी देवरंजन वर्मा ने मंगलवार को नगर कोतवाली और एएसपी अरविंद मिश्र ने तुलसीपुर थाने का निरीक्षण कर अफसरों व कर्मियों को कड़े निर्देश दिए है।
एसपी ने नगर कोतवाली में समस्त विवेचकों के साथ समीक्षा की। लंबित विवेचनाओं के निस्तारण का निर्देश दिया गया। प्रगति रिपोर्ट खराब पाए जाने पर एसपी ने कड़ी नाराजगी जताई और पुलिस अफसरों व कर्मियों को शीघ्र निस्तारण कराने का निर्देश दिया गया। इस अवसर पर सीडीओ सिटी राधारमन सिंह, प्रभारी निरीक्षक नगर कोतवाली रामाश्रय राय सहित पुलिस अफसर व कर्मी मौजूद रहे।
एएसपी ने तुलसीपुर थाने का वार्षिक निरीक्षण किया। पुलिस व महिला आरक्षी की बीट पुस्तिका चेक की। बीट पुस्तिका में गड़बड़ी पाए जाने पर एएसपी ने कड़ी कार्रवाई की चेतावनी दी और बीट पुस्तिका समय से पूरा करने का निर्देश दिया। रिक्रूट आरक्षियों को बेहतर ट्रेनिंग देने के लिए कहा गया। थाना परिसर की साफ सफाई, अभिलेखों के रखरखाव, भोजनालय व आरक्षी बैरक आदि की चेकिंग की गई।
थाने के सभी विवेचकों को विवेचनाओं के गुणवत्तापूर्ण ढंग से शीघ्र निस्तारण कराने का निर्देश दिया गया। अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई किए जाने और शांति व्यवस्था को प्रभावित करने वालों को न बख्शने का निर्देश एएसपी ने दिया। इस अवसर पर सीओ शिव प्रसाद सहित थाने के सभी पुलिस अफसर व कर्मी मौजूद रहे।